डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ इनेलो ने किया प्रदर्शन
नूंह, 01 जून (हि.स.)। डीजल, पेट्रोल, सीएनजी और एलपीजी की बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नूंह लघु सचिवालय पहुंचकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उपायुक्त नूंह के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए ईंधन की बढ़ती कीमतों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।
इनेलो के नूंह प्रभारी आनंद सिंह शौरान ने कहा कि पिछले लगभग 15 दिनों से डीजल, पेट्रोल, सीएनजी, एलपीजी और तारकोल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका सीधा प्रभाव रोजमर्रा की जरूरतों और वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ता है। डीजल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ जाती है, क्योंकि ट्रक, बसें, ट्रैक्टर और अन्य मालवाहक वाहन मुख्य रूप से डीजल पर निर्भर हैं। ऐसे में वस्तुओं की ढुलाई महंगी होने से बाजार में सामान के दाम भी बढ़ जाते हैं।
इनेलो नेता हाजी सोहराब ने कहा कि डीजल, पेट्रोल, सीएनजी और एलपीजी की बढ़ी हुई कीमतों के कारण ट्रांसपोर्टरों को अपने किराए में 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि करनी पड़ रही है। इसका सीधा असर फल, सब्जियां, अनाज और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
इनेलो नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि आम जनता को राहत देने के लिए ईंधन की कीमतों में कमी की जाए और महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि कीमतों में राहत नहीं दी गई तो आम लोगों की आर्थिक परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया