सिरसा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ अभूतपूर्व विकास: मिड्ढा
सिरसा, 21 जून (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी, जिसके बाद आज पूरी दुनिया योग दिवस मना रही है। केंद्र सरकार के 12 वर्ष के कार्यकाल पर चर्चा करते हुए डॉ. मिड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश दोनों तेज गति से विकास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में सडक़, रेल और स्वास्थ्य सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। डॉ. कृष्ण मिड्ढा रविवार को सिरसा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
डॉ. मिड्ढा ने कहा कि पहले जहां देश में केवल सात एम्स थे, वहीं अब उनकी संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा हरियाणा के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सडक़ और रेल नेटवर्क का व्यापक विस्तार हुआ है तथा ऐसे आधुनिक पुलों का निर्माण हुआ है जिनकी पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। विकास कार्यों के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी क्षेत्रों के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार नशे को लेकर लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार नहीं जीत सकती, बल्कि इसमें समाज, मीडिया, अभिभावकों और युवाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी को मिलकर जागरूकता अभियान चलाना होगा, तभी नशे पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. मिड्ढा ने कहा कि अपराधियों की मानसिकता को पूरी तरह पढ़ पाना किसी भी सरकार के लिए आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि अपराध हर सरकार के दौरान हुए हैं, लेकिन वर्तमान सरकार में अपराधियों की धरपकड़ और उनके खिलाफ कार्रवाई की गति तेज हुई है। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। भूपेंद्र हुड्डा द्वारा विशेष विधानसभा सत्र बुलाने की मांग पर डिप्टी स्पीकर मिड्ढा ने कहा कि जब विधानसभा का नियमित सत्र चलता है तो कांग्रेस कई बार उसका बहिष्कार कर देती है और सदन की पूरी कार्यवाही में शामिल नहीं होती। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर विशेष सत्र बुलाना व्यावहारिक नहीं है। उनके अनुसार विपक्ष को सदन के भीतर अपनी बात रखनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस के नेताओं में सुनने की क्षमता की कमी है, जिसके कारण वे अकसर बहिष्कार का रास्ता अपनाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए अनावश्यक मुद्दों को उठाता रहता है।
विकास कार्यां के संबंध में उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक विधायक को विकास कार्यों के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं ताकि अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक परियोजनाओं को गति दी जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma