जींद : मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना : डा. मिड्ढा

 


जींद, 06 जून (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के तहत जींद में भी आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ जन सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गांवों और शहर में विकास कार्यों की गति तेज हुई है तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा शनिवार को अपने आवास पर आयोजित जनता दर्शन दरबार कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए यह कहा। इस अवसर पर क्षेत्र से सैंकड़ों लोग अपनी समस्याओं, शिकायत लेकर डिप्टी स्पीकर के समक्ष उपस्थित हुए। उपाध्यक्ष ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

डा. मिड्ढा ने कहा कि जन संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन की समस्याओं को सीधे सुन कर उनका त्वरित समाधान किया जा रहा है। राज्य सरकार पारदर्शी, जवाबदेही और जनहितकारी शासन व प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार जींद के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जिले में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई तथा शहरी एवं ग्रामीण विकास से संबंधित अनेक परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जींद में चल रहे विकास कार्यों की अधिकारियों के साथ मिल कर नियमित समीक्षा की जा रही है ताकि निर्धारित समयावधि में योजनाओं को पूरा करवाया जा सके। जिले के विकास में जनसहभागिता भी महत्वपूर्ण है। आमजन के सहयोग से जिले को विकास और प्रगति के नए आयामों तक पहुंचाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा