अब सरकारी योजनाओं के लिए विभागों को पहले नहीं मिलेगा पैसा

 

एनएचएम में सफल हुआ पायलट प्रोजेक्ट, आज से प्रदेश भर में होगा लागू

चंडीगढ़, 24 नवंबर (हि.स.)। सरकारी योजनाओं पर खर्च होने वाली धनराशि के आवंटन तथा खर्च को लेकर सरकार ने नियमों में बदलाव किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की योजनाओं में 'समयोचित प्रणाली एकीकृत शीघ्र हस्तांतरण' का पायलट प्रोजेक्ट सफल रहने के बाद इसे प्रदेश की सभी केंद्र प्रायोजित योजनाओं और राज्य से जुड़ी योजनाओं में लागू करने का निर्णय लिया गया है।

यह व्यवस्था बुधवार से पूरे प्रदेश में लागू होगी। अभी तक सरकारी योजनाओं का पैसा अग्रिम रूप से विभागों के खातों में भेज दिया जाता था और अक्सर बिना खर्च हुए पड़ा रहता था। इस समस्या से निपटने के लिए सरकार ने सबसे पहले 20 जुलाई को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की योजनाओं में विकेंद्रीकृत कार्यप्रणाली लागू करने के लिए पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया था।

पायलट प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद सरकार ने इस व्यवस्था का विस्तार करने का फैसला किया है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न विभागों की सभी केंद्र प्रायोजित योजनाओं और राज्य से जुड़ी योजनाओं में विकेंद्रीकृत कार्यप्रणाली लागू की जाएगी।

इसका दायरा केवल स्वास्थ्य विभाग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विभिन्न विभागों की योजनाएं भी इसके दायरे में आएंगी। वित्त विभाग की ओर से सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और उपमंडल अधिकारियों (नागरिक) को निर्देश दिए गए हैं कि नई व्यवस्था की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित की जाए।

'समयोचित प्रणाली एकीकृत शीघ्र हस्तांतरण' में भुगतान के समय ही आवश्यक राशि जारी होती है, जिससे केंद्र और राज्य दोनों के नकदी प्रबंधन में सुधार होता है। लाभार्थियों और विक्रेताओं को होने वाले भुगतानों की रियल-टाइम ट्रैकिंग और स्पष्ट लेखा-जोखा सुनिश्चित होता है।

केंद्र प्रायोजित योजनाओं यथा मनरेगा और प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना के तहत राज्य सरकारों और कार्यान्वयन एजेंसियों को होने वाले फंड ट्रांसफर तथा सरकारी स्कूलों, संस्थानों और विभागों के बिलों व वेंडर भुगतानों के निस्तारण में नई व्यवस्था बेहतर साबित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा