यमुनानगर:अमेरिका से लौटे युवक की सड़क हादसे में मौत
यमुनानगर, 31 मई (हि.स.) यमुनानगर जिले में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में अमेरिका से हाल ही में लौटे एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना असगरपुर गांव के निकट उस समय हुई, जब स्कॉर्पियो और थार वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। मृतक की पहचान यमुनानगर के लाहड़पुर निवासी 25 वर्षीय रितिक के रूप में हुई है।
रितिक के पिता राजेंद्र कुमार पूर्व सरपंच रह चुके हैं। परिजनों के अनुसार रितिक करीब ढाई वर्ष पहले अवैध मार्ग से अमेरिका गया था, जहां वह ट्रक चालक के रूप में कार्यरत था। लगभग दो माह पूर्व ही उसे भारत वापस भेजा गया था। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार शनिवार रात रितिक अपने मित्रों रजत, हर्ष और रिश्तेदार ललित के साथ स्कॉर्पियो वाहन में घूमने निकला था। चारों युवक रसूलपुर होते हुए कालाआंब की ओर जा रहे थे। देर रात असगरपुर के समीप पहुंचने पर सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई बार पलटने के बाद जाकर रुकी। वाहन के एयरबैग खुल गए, जबकि थार के एक तरफ के दोनों पहिए और रिम भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को पहले साढौरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें आगे रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान मुलाना स्थित अस्पताल में रितिक ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। सढौरा थाना पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर थार चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार