हिसार : भाजपा ने कर्नाटक के संदर्भ में गलत तथ्य प्रस्तुत करके सदन को गुमराह किया : लाल बहादुर खोवाल

धर्म के नाम पर देश को बांटने की भाजपा की पुरानी नीति
हिसार, 25 मार्च (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने संसद में संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू द्वारा कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों पर रोष जताया है। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर देश को बांटने की भाजपा की नीति रही है। इसी नीति को सुदृढ़ करते हुए मंत्री किरण रिजिजू ने कांग्रेस पर आधारहीन आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले पर कांग्रेस के समस्त केंद्रीय वरिष्ठ नेताओं ने कड़ा संज्ञान लिया है।
हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस की कर्नाटक सरकार द्वारा सार्वजनिक ठेकों में आरक्षण के विधेयक के संदर्भ में भाजपा ने हंगामा खड़ा कर दिया है। कांग्रेस का मकसद केवल इतना है कि हर नागरिक को समान अधिकार मिलें और उन्हें समान रूप से आगे बढ़ने के अवसर मिले। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बयान को तोड़-मरोडक़र सदन को गुमराह करने की कोशिश की है। इसलिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व रिजिजू के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस कांग्रेस नेताओं द्वारा सभापति को सौंपा गया है।
लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि कांग्रेस तो केवल सामाजिक व शैक्षणिक पिछड़ेपन के आधार पर आरक्षण देने की पक्षधर है। कांग्रेस का प्रयास है कि एससी, एसटी, ओबीसी सहित तमाम उपेक्षित वर्ग को आगे बढ़ने के अवसर मिलें और वे भी समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें। इसलिए कांग्रेस के खिलाफ अनर्गल झूठ फैलाने की अपेक्षा भाजपा को आरक्षण पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। वास्तविकता तो यह है कि जेपी नड्डा व रिजिजू ने सदन को गलत जानकारी उपलब्ध करवाई। इस संदर्भ में कांग्रेस कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। यह भी सच है कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है, कांग्रेस तो सभी नागरिकों की खुशहाली की पक्षधर है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर