हिसार में धान की खरीद बंद करने पर भड़के किसान, किया प्रदर्शन
डीएपी की किल्लत, माइनरों में कम पानी और पानी
चोरी के मामले में किसानों पर केस दर्ज करने का भी उठाया मुद्दा
मांगें नहीं मानने पर दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
हिसार, 23 नवंबर (हि.स.)। नहरी पानी की बारी में
कटौती, धान की सरकारी खरीद बंद करने और रबी फसलों की बिजाई के लिए डीएपी की पर्याप्त
उपलब्धता नहीं होने से किसानों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इन मुद्दों को लेकर अखिल
भारतीय किसान सभा की तहसील हिसार इकाई ने सोमवार को सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता
कार्यालय पर प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि एक तरफ नहरी पानी की उपलब्धता
घटाई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ मंडियों में धान की खरीद बंद करके किसानों को व्यापारियों
के भरोसे छोड़ दिया गया है। किसान सभा ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं हुआ
तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
तहसील प्रधान रमेश मिरकां की अध्यक्षता में हुए
प्रदर्शन का संचालन तहसील सचिव अभयराम फौजी ने किया। किसानों को संबोधित करते हुए किसान
सभा के राज्य उपाध्यक्ष दिनेश सिवाच ने कहा कि किसान पहले ही कई तरह की समस्याओं से
जूझ रहे हैं। अब सिंचाई विभाग ने नहरी पानी की बारी दो सप्ताह से घटाकर एक सप्ताह कर
दी है। इससे रबी की फसलों की पैदावार प्रभावित होने के साथ खेतों और आमजन के लिए पेयजल
की उपलब्धता पर भी असर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पानी जैसे अनमोल प्राकृतिक संसाधन
का भी व्यवसायीकरण किया जा रहा है।
रमेश मिरकां और अभयराम फौजी ने कहा कि धान की
सरकारी खरीद बंद होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। स्थानीय किसानों की धान
अभी भी मंडियों में पहुंच रही है, जबकि दूसरे राज्यों से धान की आवक जारी है। उनका
आरोप है कि सरकार ने निर्धारित समय से पहले खरीद बंद करके व्यापारियों को किसानों की
फसल कम दाम पर खरीदने का अवसर दे दिया है। वहीं रबी फसलों की बिजाई के लिए डीएपी का
पर्याप्त प्रबंध नहीं होने से किसानों को खाद महंगे दामों पर खरीदने की मजबूरी झेलनी
पड़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान गांव काजला में पानी चोरी का
मामला भी उठाया गया। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि 19 नवंबर को मोटर लगाकर पानी चोरी
पकड़ी गई थी, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय पानी चोरी पकड़ने वालों के खिलाफ ही पुलिस
ने मामला दर्ज कर दिया। उन्होंने इस मामले में न्याय की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मामले
में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
किसानों ने पाबड़ा माइनर में भी पर्याप्त पानी
नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि किसानों ने स्वयं मिलकर माइनर की सफाई
करवाई, इसके बावजूद उसमें नाममात्र का पानी छोड़ा जा रहा है। ओपी जिंदल माइनर में भी
पानी की आपूर्ति सुचारू नहीं है। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि इन समस्याओं को लेकर
विभागीय अधिकारियों को शिकायत देने वाले कर्मचारियों को ही प्रताड़ित किया जा रहा है।
प्रदर्शन को कमला देवी, निर्मला देवी, सूबेसिंह
बूरा, सुरेंद्र मान, जगदीश काजला, ईश्वर मुकलान, राजवीर न्यौली कलां, रतन मात्रश्याम,
लक्ष्मण शाहपुर, सूरजमल पनिहार, सतपाल शर्मा लाडवा, बलराज सहरावत, कृष्णा काजला, रघुवीर
काजला, उदयभान मल्हान, रणधीर काजला, रामफल, राजू भगत सातरोड़, ललित डाबड़ा, अजय कुमार,
ओमप्रकाश माल, दीपक मेहरा, सुरेंद्र फौजी, सुरजीत और रमेश फौजी सहित अन्य किसान नेताओं
ने संबोधित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर