जींद : मंडी में बारदाने की कमी, मजदूरों ने गेट पर जड़ा ताला

 


जींद, 22 अप्रैल (हि.स.)। मंडी मजदूर यूनियन द्वारा बुधवार को हाइवे स्थित अतिरिक्त मंडी गेट पर ताला जड़ करीब एक घंटे तक गेट को बंद रखा। मार्केट कमेटी सचिव योगेश, वेयर हाऊस मैनेजर सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों के आश्वासन पर मजदूरों ने गेट का तोला खोल कार्य शुरू किया गया। यूनियन के सचिव राजबीर चौहान की अगुवाई में मजदूरों ने काम छोड़ कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मंडी गेट पर ताला लगा दिया। मंडी गेट पर ताला लगने से जो वाहन अंदर थे वो अंदर रहे गए। बाहर के वाहनों की मंडी में एंट्री नहीं हुई। एक घंटे के बाद गेट का ताला खोल गेट को खोला गया।

राजबीर चौहान ने बताया कि वेयर हाऊस का जो बारदाना है वो पुराना बारदाना है। एजेंसी द्वारा कहा जाता है कि जो बारदाना के बैग है उनकी साइड बदल कर गेहूं भरा जाए, जो लोडिंग ठेकेदार के वाहन है वो कम होने से भी उठान की रफ्तार धीमी है। जिससे मजदूर पूरे दिन मंडी में खाली बैठे रहते हैं।

वाहनों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ जो बारदाना मिलता है, उसमें वैसे ही गेहूं भरने की मांग को लेकर मजदूरों ने प्रदर्शन किया। ऐसा पहली बार हुआ है जब उठान की रफ्तार कछुआ चाल से भी धीमी है। पर्याप्त मात्रा में बारदाना नहीं होने से भी मजदूरों को इंतजार करना पड़ता है ऐसे में पर्याप्त मात्रा में बारदाना मुहैय्या करवाने के साथ-साथ लोडिंग कार्य के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए।

उन्होंने कहा कि अगर जल्द इन दोनों मांगों को पूरा नहीं किया गया तो दोबारा से फिर मजदूरों को प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ेगा। फसल का सीजन चल रहा है। मजदूर काम छोड़ कर प्रदर्शन अपनी मजबूरी में कर रहे है। गेहूं का जो सीजन होता है वो मजदूरों के लिए सबसे अहम सीजन होता है। इस मौके पर प्रधान खेमचंद, सुनील, वीरभान उचाना कलां, पप्पू, सतबीर उचाना खुर्द, कर्मबीर करसिंधु, बिंद्र खेड़ी मंसानिया मौजूद रहे।

वेयर हाऊस मैनेजर सुनील कुमार ने कहा कि पर्याप्त मात्रा में बारदाना है। जो मांगे की गई थी उन्हें पूरा कर दिया गया है। लिफ्टिंग ठेकेदार को लेबरए वाहन बढ़ाने के लिए नोटिस पहले जारी किया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा