हिसार में पेट्रोल पंप संचालक को वायस मैसेज भेजकर मांगी पांच करोड़ की रंगदारी
रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी, अर्बन एस्टेट थाना पुलिस
को दी शिकायत
फेक नंबर से भेजा गया मैसेज : एसपी
हिसार, 30 सितंबर (हि.स.)। शहर के अर्बन एस्टेट क्षेत्र में रहने
वाले पेट्रोल पंप संचालक प्रमोद गोयल से बदमाशों ने वायस मैसेज भेजकर पांच करोड़ रुपये
की रंगदारी मांगी है। रंगदारी की रकम नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। वायस
मैसेज मिलने के बाद प्रमोद गोयल ने अर्बन एस्टेट थाना पुलिस को शिकायत दी है। मामले
की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा के लिहाज से उनके
घर के बाहर पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से आदमपुर निवासी प्रमोद गोयल अपने परिवार
के साथ अर्बन एस्टेट क्षेत्र में रहते हैं। दिल्ली रोड पर माल के पास उनका पेट्रोल
पंप है। करीब तीन दिन पहले उनके मोबाइल फोन पर वायस मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने
उनसे पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की
धमकी दी।
मैसेज मिलने के बाद प्रमोद गोयल ने अपने नजदीकियों को इसकी जानकारी
दी और फिर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले
की जांच शुरू कर दी है। घर और पेट्रोल पंप पर पुलिस की ओर से गश्त की जा रही है। रंगदारी
मांगे जाने के मामले में परिजन और अग्रवाल समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक सिद्धांत
जैन से मुलाकात की और मामले कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। घटना के बाद अर्बन एस्टेट
थाना प्रभारी और डीएसपी मौके पर पहुंचे तथा पेट्रोल पंप मालिक से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम
की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि प्रमोद गोयल के पास रंगदारी
मांगने के लिए जो वायस मैसेज भेजा गया है, वह फेक नंबर से भेजा गया है। जांच में सामने
आया है कि हिसार के अलावा झज्जर, ऐलनाबाद और राजस्थान के बीकानेर में रहने वाले लोगों
से भी इसी तरह फेक नंबर से वायस मैसेज भेजकर रंगदारी मांगी गई है। पुलिस पूरे मामले
की गंभीरता से जांच कर रही है।
पहले भी मांगी जा चुकी रंगदारी
बता दें कि इससे पहले भी हिसार में कई लोगों से रंगदारी मांगी जा
चुकी है। कुछ दिन पहले शहर के कनाट पैलेस मालिक सुरेन्द्र जांगड़ा से पांच करोड़ की
रंगदारी मांग गई थी। इससे पहले क्लॉथ मार्केट स्थित एक कपड़ा व्यापारी को भी वायस मैसेज
भेजकर रंगदारी मांगने का मामला सामने आ चुका है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों में
पुलिस जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर