जींद : दो साल से फरार हनीट्रैप का आरोपी गिरफ्तार
जींद, 22 अगस्त (हि.स.)। सिविल लाइन थाना पुलिस ने हनीट्रैप में फंसाकर बलात्कार के झूठे मुकदमें की धमकी देकर 12 लाख रुपये मांगने के आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया आरोपित पिछले दो साल से फरार चल रहा था। पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर रही है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आशीष कुमार ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि शर्मा नगर निवासी रामभज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि प्रवेश ने उसे अपने कार्यालय में बुला कर शराब पिलाई तथा एक महिला को भी वहां बुलाया। इसके बाद महिला के कथित पति के रूप में एक व्यक्ति वहां पहुंचा और उस पर महिला के साथ बलात्कार करने का झूठा आरोप लगाते हुए उसे मुकदमें में फंसाने की धमकी दी। आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर उसकी मोटरसाइकिल की चाबी भी अपने कब्जे में ले ली तथा बलात्कार का झूठा मुकदमा दर्ज करवाने एवं नौकरी खराब करने की धमकी देकर 12 लाख रुपये की मांग की। उसको भयभीत कर उससे तीन चैक भी लिए गए। उसने मामले शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस से की।
शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन जींद में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मोंटी, प्रवेश, संदीप तथा सपना को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में शिवपुरी कालोनी निवासी नरेश दो वर्ष से फरार चल रहा था। पुलिस ने तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नरेश को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा