जींद : राष्ट्रीय मांग दिवस मनाते हुए कर्मियों ने लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया
जींद, 26 फ़रवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर गुरूवार को कर्मियों ने राष्ट्रीय मांग दिवस मनाते हुए लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया। इस दाैरान जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार को मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन से पहले सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा सहित अन्य कर्मचारी संगनठनों ने रोष बैठक की। जिला प्रधान संजीव ढांडा ने कहा कि कर्मचारियों ने सरकार से मांग की है कि राज्य कर्मचारियों की लंबित मांगों को तुरंत पूरा किया जाए। अन्यथा आगे और तीव्र आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने मांग की कि सभी संविदा, कच्चे कर्मचारियों, अनुबंध, आउटसोर्स, दैनिक वेतनभोगी को नियमित किया जाए। सभी रिक्त पद नियमित आधार पर भरे जाएं। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के नियमितीकरण आदेश लागू हों। पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए। पेंशन अधिनियम 2025 निरस्त हो। चारों नई श्रम संहिताएं निरस्त हों। निजीकरण, मर्जर, डाउनसाइजिंग पर रोक लगे। बिजली बिल 2025, स्मार्ट मीटर स्कीम आदि जनविरोधी योजनाएं वापस ली जाएं। आठवें वेतन आयोग की संदर्भ शर्तों की समीक्षा हो। हर पांच वर्ष में वेतन संशोधन सुनिश्चित हो। न्यूनतम पांच हजार या मूल वेतन का 10 प्रतिशत अंतरिम राहत तुरंत दी जाए। सभी कर्मचारियों एवं पेंशनरों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित हो। सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचा मजबूत बनाया जाए। 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता समाप्त हो। एनईपी 2020 वापस ली जाए। शिक्षा बजट दोगुणा हो। जनसंख्या अनुपात में नए पद सृजित हों। खाली पदों पर बेरोजगारों को नियमित नियुक्ति दी जाए। केंद्र, राज्य संबंधों को पुनर्परिभाषित कर सहकारी संघवाद मजबूत हो। केंद्रीकरण को विकेंद्रीकृत किया जाए। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला सचिव सन्नी पटवारी ने कहा कि यह मांगें केवल कर्मचारियों की नही बल्कि पूरे समाज के हित में हैं। सरकार यदि इन मांगों को अनसुना करती रही तो जींद सहित पूरे हरियाणा में संघर्ष और तेज होगा। इस मौके पर ब्लॉक प्रधान मंदीप नेहरा, रेखा पटवारी, राहुल, प्रवीण आदि शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा