जींद : इंडिपेंडेंट यूथ फ्रंट ने रजिस्ट्रार को सौंपा ज्ञापन

 


जींद, 13 मार्च (हि.स.)। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के छात्र संगठन इंडिपेंडेंट यूथ फ्रंट ने छात्रों की छात्रवृत्ति संबंधी गंभीर समस्या बारे विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल को दोबारा खुलवाने की पुरजोर मांग उठाई।

संगठन के प्रतिनिधि अमित ने शुक्रवार को बताया कि यह केवल एक औपचारिक आवेदन नहीं बल्कि सैकड़ों छात्रों की भविष्य की पुकार है। उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से पोर्टल बंद होने के कारण बहुत से पात्र छात्र आवेदन नहीं कर पाए हैं। अगर प्रशासन और सरकार ने समय रहते हस्तक्षेप कर एनएसपी पोर्टल को दोबारा नहीं खुलवाया तो छात्रों को परेशानी उठानी पड़ेगी।

संगठन के उपप्रधान मुकुल टंडन ने कहा कि छात्रवृत्ति गरीब और मध्यम वर्गीय छात्रों की पढ़ाई का आधार है। छात्रवृत्ति के बिना इन छात्रों को अपनी पढ़ाई सुचारू रखने में परेशानी होती है। उन्होंने मांग की कि विश्वविद्यालय प्रशासन तुरंत उच्च अधिकारियों और संबंधित मंत्रालय को इस संबंध में सिफारिश भेजे ताकि पोर्टल को पुन: सुचारू किया जा सके। अगर जल्द ही पोर्टल को रिओपन नहीं करवाया गया तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा। इस मौके पर राहुल चौहान, गौरव मुवाल, रमन, दीपांशु, प्रशांत, मनजीत, आयुष और जतिन सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा