जींद : किसान छात्र एकता संगठन ने सीआरएसयू के डीन ऑफ अकादमिक को सौंपा ज्ञापन
जींद, 25 फ़रवरी (हि.स.)। किसान छात्र एकता संगठन ने चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के डीन ऑफ अकादमिक डा. विशाला वर्मा से मिल कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन के अंकों में हो रही गड़बड़ी को दूर करने की मांग की गई। डा. विशाला वर्मा ने छात्रों को आश्वासन दिया कि आंतरिक मूल्यांकन में गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी।
किसान छात्र एकता संगठन के युवा अध्यक्ष नवरत्न माथुर ने बुधवार को डीन ऑफ अकादमिक को सौंपे ज्ञापन में बताया कि नोटिस बोर्ड पर दिखाए गए आंतरिक मूल्यांकन के अंक और घोषित परिणाम में दिए गए अंक अलग-अलग हैं। जो छात्रों के साथ सीधा अन्याय है। इस गड़बड़ी से छात्रों में भारी गुस्सा और चिंता है। संगठन ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी कि मामले की तुरंत जांच कराई जाए और जिन छात्रों के अंक गलत किए गए हैं, उन्हें सही कर न्याय दिया जाए। भविष्य में ऐसी लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छात्र नेता सुमित लाठर ने कहा कि पहले भी कुछ शिक्षकों द्वारा छात्रों के अंकों में भेदभाव किया जाता रहा है, जिसके खिलाफ उन्होंने संघर्ष किया था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब किसी भी छात्र के साथ एक नंबर का भी भेदभाव सहन नहीं किया जाएगा और छात्रों के हक के लिए मजबूती से लड़ाई जारी रहेगी। संगठन ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद होना चाहिए। वरना किसान छात्र एकता संगठन छात्रों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा