जींद : सरकारी विभागों के कर्मियों ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
जींद, 30 जुलाई (हि.स.)। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर गुरूवार को विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों को लेकर रोष जताया और नारेबाजी की। प्रदर्शन की अध्यक्षता सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान संजीव ढांडा ने की। मंच संचालन जिला सचिव सन्नी पटवारी ने किया। बाद में सीटीएम मोनिका को ज्ञापन सौंप कर मांग की गई कि कोर्ट के आदेशानुसार कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। पुरानी पेंशन योजना बहाल किया जाए। जोखिम भत्ता लागू किया जाए। डीसी रेट कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की जाए तथा निजीकरण की नीतियों को लागू न किया जाए।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राज्य महासचिव जैरनल सिंह, बिजली कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान सुरेश राठी तथा सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की राज्य सहसचिव सुनीता कालीरामना ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी एक विभाग या संगठन का नही बल्कि हर कर्मचारी के सम्मान, अधिकार और भविष्य की लड़ाई है। किसी को ताउम्र कच्चा रखना कहां का न्याय है। इसलिए जब तक कच्चे कर्मचारी पक्के नहीं हो जाते, तब तक सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा यंू ही सड़कों पर कर्मचारियों व आम जनता की लड़ाई लड़ता रहेगा। उन्होंने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद रखने तथा आने वाली पीढिय़ों के अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया।
बिजली विभाग के राज्य प्रधान ने भी कहा कि हम अपने विभाग में हड़ताल करेंगे और एग्री डिस्कॉम और स्मार्ट मीटर को लेकर और सर्व कर्मचारी संघ के साथ मिल कर रोष व्यक्त करेंगे। सुनीता कालीराम ने कहा कि सरकार लगातार कच्चे कर्मचारियों की आंदेखी कर रही है लेकिन हम मिलकर संघर्ष करेंगे। इस मौके पर विक्रम, संदीप, कमल सैनी, संजय गिल, मनदीप, सतीश शर्मा, देवेंद्र, रमेश, मनदीप नेहरा, संदीप पूनिया, राजेश, धर्मबीर मोर, मंगतराम, दिलबाग, अनूप, विजेंद्र शर्मा, बंटी बेदी, अजय, सुनील, जितेंद्र, सुरेश पूनिया, राजकुमार सहित अनेक कर्मचारी नेता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा