जींद : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राजकीय महाविद्याल प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

 




जींद, 18 मार्च (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राजकीय महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. सत्यवान मलिक को विद्यार्थियों की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों को आ रही दैनिक समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

एबीवीपी राजकीय महाविद्यालय जींद के ईकाई अध्यक्ष राजकुमार ने बुधवार को बताया कि कॉलेज में कॉमन रूम की उचित व्यवस्था नही होने के कारण विशेषकर छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कॉमन रूम में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और न ही वहां साफ-सफाई का उचित ध्यान रखा जाता है। परिषद ने मांग की कि छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग और सुव्यवस्थित कॉमन रूम की व्यवस्था की जाए ताकि वे अपने खाली समय का उपयोग अध्ययन और अन्य रचनात्मक कार्यों में कर सकें। कई शौचालयों में साफ.-सफाई की कमी है, पानी की व्यवस्था ठीक नही है और कुछ स्थानों पर मरम्मत की भी आवश्यकता है। इससे विद्यार्थियों को काफी असुविधा हो रही है। एबीवीपी ने कॉलेज प्रशासन से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा खराब पड़े बाथरूमों की जल्द मरम्मत करवाने की मांग की। एबीवीपी इकाई मंत्री मिष्ठी ने बताया कि कॉलेज में कई वाटर कूलर खराब पड़े हैं और जहां पानी की व्यवस्था है, वहां भी पर्याप्त स्वच्छता नहीं है। गर्मी के मौसम को देखते हुए यह समस्या और भी गंभीर हो सकती है। परिषद ने प्रशासन से मांग की कि सभी वाटर कूलरों को तुरंत ठीक करवाया जाए और आरओ सिस्टम की नियमित जांच करवाई जाए ताकि विद्यार्थियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। कक्षाओं के नियमित रूप से न लगने का मुद्दा भी उठाया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने बताया कि कई बार निर्धारित समय पर कक्षाएं नहीं लगती, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। यदि विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं ही नही मिलेंगी तो उनकी पढ़ाई और भविष्य दोनों प्रभावित होंगे। यदि जल्द इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो परिषद विद्यार्थियों के हितों के लिए आगे भी आवाज उठाती रहेगी और आवश्यकता पडऩे पर आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा