जींद : सफाई कर्मचारियों ने मांगों को लेकर शहर में हल्ला बोल प्रदर्शन किया
जींद, 27 फ़रवरी (हि.स.)। ऑल सफाई कामगार संघर्ष समिति हरियाणा के आह्वान पर सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शहर में हल्ला बोल प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों ने लघु सचिवालय तक रोष मार्च निकाला और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी संदीप भारद्वाज को सौंपा।
धरने की अध्यक्षता ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला अध्यक्ष गुलाब बिरौली और नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सोहनलाल ने संयुक्त रूप से की। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 24 नवंबर 2024 को जींद में ही सफाई कर्मचारियों के लिए 26 से 27 हजार रुपये मासिक वेतन की घोषणा की थी, जो आज तक केवल कागजों तक सीमित है। सफाई कार्य में लगे 99 प्रतिशत कर्मचारी डीएससी समाज से आते हैं लेकिन बीजेपी सरकार जानबूझ कर इनकी अनदेखी कर रही है। जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संघर्ष समिति ने अपनी मुख्य मांगों को दोहराते हुए कहा कि 31 दिसंबर 2025 को माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा दिए गए आदेशों की पूर्ण पालना की जाए और सभी कच्चे सफाई व सीवर कर्मियों को बिना शर्त पक्का किया जाए।
इसके साथ ही ठेका प्रथा को पूरी तरह समाप्त कर 400 की आबादी पर नए पद सृजित करने और नियमित भर्ती करने की मांग की गई। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली और जोखिम भरे कार्य के लिए 50 लाख रुपये के बीमे की मांग भी प्रमुखता से उठाई। नेताओं ने चेताया कि यदि सरकार ने जल्द ही इन 13 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और अधिक तीव्र किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा