जींद : निर्माण मजदूरों ने लंबित मांगों को लेकर फूंका सरकार का पुतला
जींद, 22 जून (हि.स.)। संयुक्त निर्माण मजदूर मोर्चा हरियाणा के आह्वान पर सोमवार को जुलाना में निर्माण मजदूरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने लेबर शेड से लेकर पुरानी अनाज मंडी तक श्रम मंत्री और मुख्यमंत्री के पुतले की शव यात्रा निकाल कर उसका दहन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भवन निर्माण कामगार यूनियन के ब्लॉक उपाध्यक्ष सुरेश करसोला व इंटक की नेता सरोज ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन दीनदयाल ने किया।
प्रदर्शनकारी मजदूरों को संबोधित करते हुए भवन निर्माण कामगार यूनियन के जिला सचिव संदीप जाजवान, जिला उपाध्यक्ष कपूर सिंह ने कहा कि प्रदेश के निर्माण मजदूर लंबे समय से अपने अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं लेकिन सरकार उनकी मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है।
श्रम पोर्टल की खामियों, पंजीकरण एवं नवीनीकरण में आ रही परेशानियों तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से मजदूरों को वंचित किए जाने के कारण मजदूरों में भारी रोष है। मजदूर नेताओं ने मांग करते हुए कहा कि श्रम पोर्टल पर सभी प्रकार की दिक्कतों को तुरंत दूर किया जाए तथा निर्माण श्रमिकों की सभी लंबित योजनाओं के आवेदनों को जल्द स्वीकृत कर लाभ दिया जाए। सभी पात्र निर्माण मजदूरों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए और वर्ष 2025 में बंद हुई सहायता योजनाओं का लाभ भी पात्र मजदूरों को प्रदान किया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि मजदूरों की मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और 21 जुलाई को जिला स्तर पर प्रदर्शन करते हुए हरियाणा के डिप्टी स्पीकर के आवास का घेराव किया जाएगा।
इसकी तैयारियों को लेकर जुलाना ब्लॉक के हर एक गांव में जाकर निर्माण ओर मनरेगा मजदूरों को जागरूक करते हुए हरियाणा के श्रम मंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला दहन करते हुए आगामी आंदोलन की तैयारी की जाएगी। सभी पात्र मजदूरों का पंजीकरण एवं नवीनीकरण सुनिश्चित किया जाए। मजदूरों की सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी योजनाओं को मजबूत किया जाए। न्यूनतम मजदूरी कानून का सख्ती से पालन कराया जाए तथा मजदूर विरोधी कानूनों को वापस लिया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा