जींद:बीस दिन में आग लगने की 70 घटनाएं, दमकल विभाग के पास गाडिय़ाें की कमी
जींद, 20 अप्रैल (हि.स.)। जींद के दमकल विभाग के पास आग लगने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पर्याप्त साधन नही हैं। दमकल विभाग में इस समय जिलेभर में 12 गाडिय़ां हैं। जिसमें से चार जींद शहर में है। पहले दमकल विभाग के पास 17 गाडिय़ां थी लेकिन पांच गाडिय़ों के दस साल पूरे होने पर उन्हें नॉन एनसीआर एरिया में भेज दिया गया है। ऐसे में स्वत: ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि कैसे आग पर काबू पाया जाएगा।
गेहूं कटाई का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और दिन के समय तापमान 35 डिग्री तक पहुंच रहा है। तापमान अधिक रहने के चलते कई बार खेतों में आग भड़क उठती है।
एक अप्रैल से अब तक दमकल विभाग के पास आगजनी की 70 कॉल आ चुकी हैं। जिले की आबादी को देखते हुए दमकल विभाग के पास गाडिय़ों की कमी है। इसके चलते स्थानीय अधिकारियों ने मुख्यालय के पास आठ गाडिय़ों की डिमांड भेज रखी है। वहीं विभाग में इस समय 117 कर्मचारी कार्यरत हैं। जिसमें से 11 रेगुलर, 47 पेरोल व 38 कर्मचारी एचकेआरएन के तहत लगे हैं। 117 में से 96 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इस कारण बाकि के कर्मचारी 12 घंटे की ड्यूटी दे रहे हैं। जबकि दमकल विभाग में जिलेभर में कर्मचारियों की सेंक्शन पोस्ट 152 है। इसके अलावा दमकल विभाग में शहर की बड़ी चार मंजिला बिल्डिंग में आग बुझाने के लिए भी पर्याप्त सााधन नहीं है। विभाग के पास कोई हाइड्रोलिक गाड़ी नहीं है, जो चार मंजिला बिल्डिंग में आग लगने पर उसे काबू पाने में मदद कर सके।
दमकल विभाग के लीड फायरमैन विजय कुमार ने बताया कि दमकल विभाग में पर्याप्त गाडिय़ां व कर्मचारी नहीं हैं। मुख्यालय गाडिय़ों की डिमांड भेज रखी है। कर्मचारी 12-12 घंटे की ड्यूटी दे रहे हैं। बावजूद इसके जैसे ही विभाग के पास आगजनी की कोई सूचना आती है तो कर्मचारी मौके पर पहुंच कर उसे बुझाने का प्रयास करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा