यमुनानगर: कार की टक्कर से डिलीवरी ब्वाय की मौत
यमुनानगर, 04 जून (हि.स.) यमुनानगर के सेक्टर-17 स्थित जिंदल अस्पताल मोड़ के समीप बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक निजी ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी से जुड़े युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि पुलिस ने कार चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान जगाधरी निवासी 21 वर्षीय मोहित कुमार के रूप में हुई है। वह 12वीं तक शिक्षा प्राप्त करने के बाद पार्ट-टाइम डिलीवरी कार्य कर परिवार का सहयोग कर रहा था।
जानकारी के अनुसार मोहित बुधवार रात अपनी ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सेक्टर-17 क्षेत्र में पीछे से आ रही एक तेज गति कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक कई मीटर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मोटरसाइकिल भी काफी दूरी तक सड़क पर घिसटती रही, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल पर कार के आगे के हिस्से के कुछ अवशेष भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लिया है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल मोहित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई, सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के परिचितों ने बताया कि मोहित सामान्य गति से वाहन चला रहा था। वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार