दिल्ली में होगा ‘राष्ट्र प्रथम’ स्मारिका का भव्य विमोचन, मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्रियों को निमंत्रण

 




नूंह, 12 जुलाई (हि.स.)। वंदे सरदार एकता पदयात्रा की प्रेरक स्मृतियों, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे के संदेश को समेटे विशेष स्मारिका ‘राष्ट्र प्रथम’ का भव्य विमोचन इसी माह नई दिल्ली में प्रस्तावित है। समारोह में मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किए जाने की तैयारी है। इसी क्रम में रविवार को गुरुग्राम स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर समारोह के लिए समय देने का अनुरोध किया।

आयोजन समिति के महासचिव मोहम्मद साजिद ने बताया कि स्मारिका में 27 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 तक मेवात में आयोजित 10 दिवसीय वंदे सरदार एकता पदयात्रा की प्रमुख गतिविधियों, जनसंपर्क अभियान, सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और विभिन्न आयोजनों का विस्तृत विवरण प्रकाशित किया गया है। इसके साथ ही मेवात के गौरवशाली इतिहास, शहीद राजा हसन खां मेवाती के शौर्य एवं बलिदान तथा ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह स्मारिका पदयात्रा के उद्देश्य, अनुभवों और समाज से मिले व्यापक सहयोग का ऐतिहासिक दस्तावेज होगी।

समिति की सदस्य एडवोकेट अंजुम इस्लाम ने बताया कि प्रस्तावित समारोह में देशभर से सामाजिक, शैक्षणिक, धार्मिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। समारोह के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे के संदेश को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

समिति के सदस्य जाकिर कोटला ने बताया कि नई दिल्ली में प्रस्तावित समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में बीरबल, जाकिर, इमरान सरपंच, रफीक अल्वी, कमल हुसैन, नासिर कुरैशी, इरशाद, राजुद्दीन, अजय कंसल, टेकचंद गोहर, राशिद कुरैशी, असलम गौरवाल, दामोदर भारद्वाज, इनायत, रूमा सरकार, घनश्याम शर्मा तथा आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया