हिसार में महिला व बाल अपराधों में आई गिरावट
पुलिस की प्रभावी रणनीति और त्वरित कार्रवाई लाई रंग
हिसार, 25 जून (हि.स.)। जिला पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित
करने, अपराधों की रोकथाम तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए उठाए जा रहे
प्रभावी कदमों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा
रहे विशेष जागरूकता अभियानों, नियमित निगरानी, संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई
तथा शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के चलते जिले में महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने
वाले अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। पुलिस की इस संवेदनशील और मुस्तैद कार्यप्रणाली
के कारण समाज में सुरक्षा का माहौल और मजबूत हुआ है।
अपराध के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले वर्ष अप्रैल से जून तक की अवधि के
मुकाबले इस वर्ष इसी तिमाही में कुल मामलों की संख्या 171 से घटकर मात्र 113 रह गई
है। इस दौरान किडनैपिंग से संबंधित मामलों में सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली है,
जहां मामलों की संख्या 24 से घटकर केवल 6 रह गई। इसी तरह अपहरण और फुसलाकर ले जाने
की घटनाओं में भी भारी कमी आई है। घरेलू मोर्चे पर भी राहत की खबर है; दहेज उत्पीड़न
से संबंधित मामले 59 से घटकर 30 रह गए हैं, जबकि बलात्कार जैसी जघन्य वारदातों में
भी कमी आई है और यह आंकड़ा 14 से घटकर 10 पर आ गया है। इसके अतिरिक्त, पॉक्सो एक्ट तथा महिलाओं से छेड़छाड़ से संबंधित मामलों में भी पहले के मुकाबले काफी
गिरावट दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार को इन सकारात्मक परिणामों पर संतोष
जताते हुए स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं
में शामिल है। अपराधों की जड़ पर प्रहार करने के लिए पुलिस द्वारा नियमित गश्त बढ़ाने
के साथ-साथ स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम व
महिला सुरक्षा अभियान चलाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर