पानीपत: अमेरिका में बैठे युवक ने अपने ही परिवार को दी जान से मारने की धमकी

 


पानीपत, 04 मार्च (हि.स.)। विदेश में बैठकर एक युवक ने अपने ही परिवार की हत्या की साजिश रच डाली। जिसका खुलासा तब हुआ जब परिवार को युवक ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी। जिसकी रिपोर्ट पीड़ित परिवार ने थाना मतलौडा पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गांव रेर कलां निवासी विक्रम सिंह, ने पुलिस को बताया कि उनका सगा भतीजा अनिल कुमार जो अमेरिका में रह रहा है, वह उनके साथ पुरानी रंजिश रखता है। मंगलवार की दोपहर बाद विक्रम के पास एक विदेशी नंबर से कॉल आई ।

विक्रम का आरोप है कि कॉल पर अनिल ने उन्हें और उनके पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। अनिल ने फोन पर कहा कि वह रणदीप मलिक नाम के व्यक्ति से उनकी गोली मारकर हत्या करवा देगा। पीड़ित के अनुसार, रणदीप मलिक भी इस समय अमेरिका में ही मौजूद है।

पीड़ित विक्रम सिंह ने दहशत के साये में पुलिस से अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने सबूत के तौर पर धमकी भरी कॉल की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंप दी है। विक्रम ने बताया कि वह रणदीप के बारे में ज्यादा नहीं जानते, लेकिन उन्हें अंदेशा है कि अनिल किसी भी समय उन पर हमला करवा सकता है। मतलौडा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी भतीजे अनिल और रणदीप मलिक के खिलाफ जान से मारने की धमकी और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज कर, अब रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा