पानीपत: सड़क हादसे में दो युवकों की मौत दो घायल
पानीपत, 11 मई (हि.स.)। पानीपत के गांव शाहपुर अड्डे के पास रविवार की रात हुए दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है, व दो अन्य गंभीर रूप घायल हो गये। मृतकों की पहचान रोहतक के गांव लाखनमाजरा निवासी प्रदीप व रोहित के रूप में हुई है। हादसे में संजय व सोहन गंभीर रूप से घायल हो गए। ये चारों दोस्त रविवार को हरिद्वार की यात्रा पर निकले थे। घटना की सूचना पाते ही पुलिस तुरन्त मौके पर पहुंची, ओर दोनों मृतक युवकों को सिविल अस्पताल व घायल युवकों को नजदीक के अस्पताल पहुंचाया।
सोमवार की सुबह होश आने पर घायल युवकों ने बताया कि वह धार्मिक यात्रा पर एक ही बाइक पर सवार होकर हरिद्वार के लिए निकले थे। जब वह पानीपत के गांव शाहपुर अड्डे के पास पहुंचे तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे चारों दोस्त दूर जा गिरे। तथा वाहन चालक तुरंत मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि प्रदीप और रोहित की मौके पर ही मौत हो चुकी है। वहीं संजय और सोहन गंभीर रूप से घायल थे।
पुलिस ने तुरंत दोनों घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया व मृतकों को पोस्टमार्टम कराने के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया । पुलिस ने बताया कि रात के समय अंधेरा होने और घायलों की स्थिति गंभीर होने के कारण मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। घायल भी कुछ बताने की स्थिति में नहीं थे। आज सुबह जब घायलों को थोड़ा होश आया, तब उन्होंने पुलिस को बयान दर्ज कराए, जिसके बाद उनकी पहचान रोहतक के गांव लाखनमाजरा के रूप में हो सकी। पुलिस ने हादसे की सूचना तुरंत परिजनों को सूचना दी। इसराना थाना प्रभारी हरि राम ने बताया कि सोमवार को घायल युवकों के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। व दोनों मृतक युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा