हांसी में आमने-सामने टकराईं दो बाइक, तीन युवकों की मौत

 




टक्कर में बाइक के परखच्चे उड़े, सड़क पर दूर तक घिसटते गए तीनों

हांसी, 23 सितंबर (हि.स.)। क्षेत्र के नारनौंद-मिर्चपुर मार्ग पर बागा मुर्गी

फार्म के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार

तीनों युवक सड़क पर काफी दूर तक घिसटते हुए जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार

मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही

मिर्चपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों

ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान गांव ईटल निवासी विजय कुमार, खेड़ी जालब निवासी कपिल और खेड़ी

लोहचब निवासी मोहित के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बुधवार रात काे कपिल और मोहित एक ही बाइक

पर सवार होकर जींद से अपने गांव लौट रहे थे, जबकि विजय कुमार अपनी बाइक से गांव ईटल

की ओर जा रहे थे। विजय कुमार बरवाला के सरकारी अस्पताल में इलेक्ट्रीशियन के पद पर

कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार बागा मुर्गी फार्म के पास दोनों बाइकें आमने-सामने टकरा

गईं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। हादसे में तीनों

युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही तीनों के परिजन हांसी के सरकारी अस्पताल पहुंचे। परिजनों

के अनुसार विजय कुमार शादीशुदा थे और उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब चार

और एक वर्ष है। कपिल के एक बेटा है, जबकि मोहित के दो बेटे हैं। हादसे की खबर

के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल विजय ने गुरुवार काे बताया कि तीनों युवकों की हादसे में मौत

हुई है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम

के लिए भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर