सिरसा: मां-बेटी की मौत, ससुरालियों पर जलाकर मारने का आरोप
सिरसा, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के नाथूसरी चोपटा क्षेत्र में मां-बेटी के जिंदा जलने की घटना सामने आई है। मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर जलाकर मारनेे का आरोप लगाया है। पुलिस ने साेमवार काे शिकायत के आधार पति सहित सास-ससुर व ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी की उपचार के दौरान हिसार के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। महिला के शव का सोमवार को सिरसा के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक महिला की पहचान शक्कर मंदोरी निवासी कविता पत्नी संदीप के रूप में हुई है।
मृतक महिला के भाई ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने दोनों को जलाकर मारा है। घटना के समय कविता घर में अकेली थी और कमरे में उसकी 60 फीसद जली लाश मिली। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और झुलसी हालत में बच्ची को नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे हिसार रेफर कर दिया। उपचार के दौरान रविवार रात उसकी भी मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने ससुरालजनों पर आरोप लगाया है कि काफी समय से दहेज की मांग कर रहे थे और उसके साथ मारपीट की जाती थी। मृतका के भाई सतीश ने बताया कि रविवार को कविता ने उसके मोबाइल पर कॉल कर उसे बेटे के जन्मदिन की बधाई दी। कविता ने बताया कि बेटी सानवी सो रही है।
इसके एक घंटे बाद कविता के ससुर के मोबाइल नंबर से फोन आया और बताया कि उनकी बेटी जल गई है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन शक्कर मंदोरी पहुंचे। आरोप है कि कविता कमरे में जली हुई मिली, जबकि उसकी बेटी सानवी आग से झुलसते हुए कमरे से बाहर आई थी। कमरे में रखे सोफे इत्यादि भी जले मिले हैं। उल्लेखनीय है कि कविता की शादी करीब चार साल पहले शक्कर मंदोरी निवासी संदीप के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज काे लेकर ताने देते थे। इस मामले को लेकर पहले भी कई बार पंचायतें हुई और मामला सुलटा दिया गया था। नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। पति संदीप कुमार, सास शांति देवी, ससुर ओम और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma