पानीपत: निर्माणाधीन मकान का गेट गिरने से बच्चे की मौत

 


पानीपत, 25 जुलाई (हि.स.)। पानीपत की तहसील इसराना स्थित धौला कॉलोनी में शुक्रवार की शाम को एक निर्माणाधीन मकान का लोहे का गेट गिरने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चा गेट पर झूल रहा था, तभी अचानक उसका कुंडा निकल गया और भारी गेट बच्चे के ऊपर आ गिरा। जिसके नीचे दबने से बच्चे की मौत हो गई। गेट गिरते ही अन्य बच्चों ने शोर मचाया, बच्चों का शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत गेट हटाकर बच्चे को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

मृतक बच्चे की पहचान मध्य प्रदेश निवासी राममिलन के आठ वर्षीय बेटे अंकित के रूप में हुई है। राममिलन अपने परिवार के साथ इसराना में दिहाड़ी मजदूरी करता है। उसके तीन बेटियां और एक बेटा अंकित था। जिस मकान में यह हादसा हुआ, राममिलन उसी मकान के एक कमरे में रहता था और वहीं मजदूरी भी करता था। मकान में मिस्त्री गेट तैयार कर रहे थे, जो पूरी तरह से सेट नहीं किया गया था। अंकित आंगन में खेलते हुए गेट के पास आया और उस पर झूलने लगा। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए शनिवार को बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा