हिसार : जलघर की डिग्गी में मिला मृत कुत्ता, दूषित पानी की सप्लाई पर भड़के ग्रामीणों ने दिया धरना
वाटर फिल्टर कई साल से खराब, टूटी चारदीवारी से डिग्गी में घुस रहे आवारा पशु
पानी का टीडीएस 2000 तक पहुंचने का दावा
हिसार, 10 नवंबर (हि.स.)। आदमपुर गांव में दूषित पेयजल की सप्लाई और जलघर की
बदहाल व्यवस्था पर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। जलघर की डिग्गी में कई
दिनों से मृत कुत्ता पड़ा होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन
कर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के खिलाफ रोष जताया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि
लंबे समय से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद विभागीय
अधिकारी समस्या की अनदेखी कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार जलघर की डिग्गी की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। इसमें
भारी मात्रा में कचरा जमा है और मृत जीव-जंतु पड़े होने से पानी की गुणवत्ता प्रभावित
हो रही है। पानी को साफ करने के लिए लगाया गया वाटर फिल्टर भी कई वर्षों से खराब है।
इसके चलते बिना फिल्टर किए ही घरों में पानी की सप्लाई की जा रही है। ग्रामीणों ने
पानी का टीडीएस स्तर 1600 से 2000 तक पहुंचने का दावा करते हुए इसकी गुणवत्ता पर गंभीर
चिंता जताई। वहीं, जलघर की चारदीवारी जगह-जगह से टूटी होने के कारण आवारा पशु और कुत्ते
परिसर में आसानी से प्रवेश कर जाते हैं।
ग्रामीणों ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ को शिकायत सौंपकर डिग्गी
की सफाई करवाने, मृत जीव-जंतुओं को बाहर निकलवाने, खराब वाटर फिल्टर को ठीक करवाने
या बदलने और टूटी चारदीवारी का निर्माण करवाने की मांग की। साथ ही पेयजल के सैंपल लेकर
उनकी जांच करवाने और गांव में स्वच्छ पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसी जलघर परिसर
में एसडीओ, जेई सहित अन्य कर्मचारियों के कार्यालय बने हुए हैं और यहां सीवर-पानी के
बिल भी जमा किए जाते हैं। इसके बावजूद जलघर की डिग्गी में मृत कुत्ता मिलना, फिल्टर
का खराब होना और चारदीवारी टूटी होना विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता
है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे क्षेत्र के जलघरों की व्यवस्था की जांच करवाने की
मांग की।
एसडीओ ने कर्मचारियों को बदलने का दिया आश्वासन
धरना-प्रदर्शन के बाद प्रदीप बैनीवाल सहित अन्य समाजसेवी विभागीय कार्यालय
पहुंचे और एसडीओ रामकिशन व जेई रमेश कुमार से बातचीत की। इस दौरान कई ग्रामीण अधिकारियों
पर भड़क गए और उन्हें खरी-खोटी सुनाई। ग्रामीणों ने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा
के लिए भी उन्हें बार-बार अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। एसडीओ रामकिशन ने
जलघर में तैनात कर्मचारियों को बदलने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि
उनकी मुख्य मांग जलघर की सफाई, वाटर फिल्टर को दुरुस्त करवाने और स्वच्छ पेयजल की नियमित
सप्लाई सुनिश्चित करने की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर