पानीपत: नहर के पास मिला युवक का शव

 


पानीपत, 24 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव भादड़-सुताना लिंक नहर पर मंगलवार सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। पास ही एक टूटी हालत में बाइक पड़ी हुई मिली। जानकारी के अनुसार युवक रात को दोस्त के साथ निकला था। दोस्त की भी घायल होने की सूचना मिल रही है। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार सुबह गांव कालखा का एक युवक लोहारी की ओर घूमने जा रहा था। रास्ते में रजवाहे के पुल पर उसे एक क्षतिग्रस्त हालत में बाइक पड़ी दिखाई दी। पास जाकर देखने पर कुछ दूरी पर एक युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। कुछ ही देर में आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। जांच के दौरान मृतक की पहचान गांव वैसर, के रूप में हुई। पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत अस्पताल भेजा गया। मृतक के चाचा रामफल ने बताया कि मोहित बीती रात अपने दोस्त रामशरण, निवासी अदियाना, के साथ कहीं जाने के लिए निकला था। सुबह उसका शव कालखा-लोहारी के बीच लिंक नहर पर मिला। उसके मुंह पर चोट के निशान थे और शव आधा नहर में तथा आधा बाहर की ओर लटका हुआ था। पास में पड़ी बाइक की टंकी टूटी हुई थी।

मोहित का दोस्त रामशरण घटना स्थल से करीब चार किलोमीटर दूर भादड़ के पास एक ईंट भट्ठे के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजनों ने उसे पीजीआई खानपुर में भर्ती कराया है। पुलिस ने रामशरण के बयान के आधार पर इसे सड़क दुर्घटना बताया है।

मोहित के परिजनों ने परिस्थितियों को देखते हुए इसे दुर्घटना मानने से इनकार किया है और हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा