सिरसा: पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से न रहे वंचित: उपायुक्त
सिरसा, 23 जून (हि.स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर सिरसा के उपायुक्त शांतनु शर्मा ने मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य 22 सितंबर तक पूर्ण किया जाना है। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता, मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे तथा अपात्र, मृतक अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकें।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक राजनीतिक दल द्वारा बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए जाने हैं। सभी राजनीतिक दल अपने बीएलए की सूची 25 जून तक जिला निर्वाचन कार्यालय, सिरसा में उपलब्ध करवाएं, ताकि पुनरीक्षण कार्य के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी, बूथवार तैयार की गई सूचियां राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा करेंगे तथा उन पर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। बूथवार सूचियां निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित कर संबंधित सूचियां एजेंटों को उपलब्ध करवाई जाएंगी, ताकि प्रत्येक मतदाता की वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जा सके और किसी भी त्रुटि को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन से पूर्व ही दूर किया जा सके।
गणना प्रपत्रों के वितरण संबंधी जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जिले के बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा 22 जून तक लगभग 88 प्रतिशत मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं तथा शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में जगदीश चंद, तरुण गुलाटी, रामधन, विजय कुमार, डॉ. सुकेश अरोड़ा, हंसराज, संजय, नितिन टांडी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma