पलवल के भमरौला में दिनदहाड़े हमला, घर में घुसकर फायरिंग; युवती के अपहरण की कोशिश, 25 पर केस
पलवल, 23 फ़रवरी (हि.स.)। पलवल जिले के बहीन थाना क्षेत्र अंतर्गत भमरौला गांव में हथियारबंद युवकों ने एक घर पर हमला कर इलाके में सनसनी फैला दी। करीब 20 बाइकों और एक कार में सवार होकर आए हमलावरों ने घर में घुसकर हवाई फायरिंग की और एक युवती के अपहरण का प्रयास किया। पुलिस ने इस मामले में 10 नामजद सहित 25 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहीन थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने सोमवार को बताया कि भमरौला निवासी सरजीत की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार रविवार दोपहर के आस पास गहलब गांव के युवक नीले रंग की बलेनो कार और करीब 20 बाइकों पर सवार होकर उनके घर पहुंचे। आरोपियों के हाथों में फरसा, तलवार, देशी कट्टे और लोहे की रॉड थीं।
आरोप है कि हमलावरों ने घर पहुंचते ही दहशत फैलाने के लिए तीन हवाई फायर किए, जिनमें एक गोली घर के दरवाजे पर चलाई गई। इसके बाद आरोपी जबरन घर में घुस गए और सरजीत की बेटी प्रीति को अगवा करने का प्रयास किया। परिवार के विरोध करने पर आरोपियों ने सरजीत के भतीजे भूप के साथ मारपीट की और उसे जबरन ले जाने लगे। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए, जिसके बाद आरोपी युवक को छोड़कर फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कुछ हमलावरों को पहचानता है। इनमें गहलब गांव निवासी सूरज पहलवान, देवी, विक्की पांचाल, विनोद, पवन, हितेश, लव, मुकल, भगत सिंह और रोहित शामिल हैं। अन्य आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही एसआई जोगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बहीन थाना पुलिस ने 10 नामजद सहित 25 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग