हांसी में लिव-इन में रह रही महिला की हत्या, बेटी बेसुध मिली व सात साल का बेटा लापता

 




तीन दिन से फोन नहीं उठाने पर मां-बहन घर पहुंचीं,

बाहर से बंद था कमरा

ताला तोड़ा तो चारपाई पर मिला शव, सिर पर चोट

के निशान

हांसी, 15 सितंबर (हि.स.)। न्यू सुभाष नगर में

तीन दिन से बंद मकान के कमरे में करीब 40 वर्षीय महिला रचना का शव मिलने से सनसनी फैल

गई। रचना के तीन दिन से फोन नहीं उठाने पर उसकी मां और छोटी बहन सोमवार शाम उसे देखने

घर पहुंचीं। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। अनहोनी

की आशंका पर दोनों ने ताला तोड़ा। अंदर चारपाई पर रचना का शव पड़ा था, जबकि उसी चारपाई

पर उसकी 15 वर्षीय बेटी अंजली बेसुध हालत में मिली। घटना के बाद से रचना का सात वर्षीय

बेटा मानव भी लापता है।

पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार रचना हांसी के एक होटल में

काम करने वाले चांदी नामक व्यक्ति के साथ लिव-इन में रह रही थी। रचना की मां ने पुलिस

को बताया कि चांदी कथित तौर पर रचना पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था, जबकि वह

शादी के लिए तैयार नहीं थी। इसी विवाद को परिजनों ने हत्या की संभावित वजह बताते हुए

चांदी पर शक जताया है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं

की है। रचना की मां के मुताबिक, वह पिछले तीन दिनों से

बेटी को लगातार फोन कर रही थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा था। सोमवार शाम वह अपनी

छोटी बेटी के साथ न्यू सुभाष नगर पहुंची। मकान में कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला।

अंदर से दुर्गंध आने पर शक गहरा गया। ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो रचना मृत

मिली और उसकी बेटी अंजली बेसुध पड़ी थी। परिजनों ने बताया कि रचना की पहले दिल्ली निवासी

एक व्यक्ति से शादी हुई थी। पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते वह उससे अलग रह रही थी।

हालांकि परिजन यह स्पष्ट नहीं कर सके कि दोनों का कानूनी रूप से तलाक हुआ था या नहीं।

इसके बाद रचना चांदी के साथ रहने लगी थी।

24 घंटे से अधिक पुरानी हो सकती है मौत: डीएसपी

मौके पर पहुंचे डीएसपी अक्षय कुमार और शहर थाना

प्रभारी सुखजीत सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीएसपी अक्षय कुमार ने बताया कि

कमरे से दुर्गंध आ रही थी और प्रथम दृष्टया महिला की मौत को 24 घंटे से अधिक समय बीतने

का अनुमान है। महिला के सिर पर भारी वस्तु से चोट के निशान होने की बात सामने आई है।

उन्होंने बताया कि अंजली को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और

फोरेंसिक जांच के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर