हरियाणा में बदला मौसम: कई जिलों में दिन में छाया अंधेरा, हल्की बूंदाबांदी
बदले मौसम ने दिलाई गर्मी से राहत, तापमान में
आई गिरावट
हिसार का तापमान सामान्य से नीचे आया
हिसार, 30 मई (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के आशिंक
प्रभाव के चलते मौसम ने प्रदेश में अचानक करवट ली। इससे कई जिलों में दिन में भी अंधेरा
छा गया और आंधी के बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। दो दिन से बदले मौसम ने गर्मी से राहत
दिलाई है और मौसम खुशगवार हो गया है।
हरियाणा में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली,
जिससे प्रदेशभर के लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। सुबह से लेकर दोपहर तक राज्य
के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी रहा। पंचकूला, फतेहाबाद, करनाल, पानीपत,
हिसार, जींद, सोनीपत और सिरसा समेत कई क्षेत्रों में हुई हल्की से मध्यम बारिश के बाद
तापमान में गिरावट दर्ज की गई। तेज आंधी की वजह से वाहन चालकों को वाहनों की लाइट जलाकर
चलना पड़ा।
प्रदेश में पिछले दो दिनों से मौसम में लगातार
बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान अधिकतम तापमान में औसतन
4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी
और लू से राहत मिली है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बादल छाए रहे, जबकि कुछ इलाकों
में गरज-चमक के साथ बारिश हुई।
हिसार में मौसम का सबसे अधिक असर देखने को मिला।
दोपहर के समय घने बादल छाने से दिन में ही अंधेरे जैसी स्थिति बन गई। इसके बाद तेज
आंधी चली और हल्की बारिश शुरू हो गई। सिरसा के रानियां, फतेहाबाद, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़
क्षेत्रों में तेज हवाओं का असर बना हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के कई जिलों
के लिए तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम परिवर्तन
से किसानों को भी राहत मिलेगी। हालांकि तेज हवाओं और ओलावृष्टि की स्थिति बनने पर कुछ
फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम
प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में अगले कुछ घंटों तक मौसम परिवर्तनशील बना रह सकता
है। मौसम में आए इस बदलाव ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं प्रदेशभर
में मौसम का सुहावना मिजाज लोगों के लिए राहत बना है।
हिसार का तापमान गिरकर 36.9 पर आया
पश्चिमी विक्षोभ से बदले मौसम की वजह से हिसार
का तापमान भी गिर गया है। पिछले दिनों तापमान 45 डिग्री पर पहुंच गया था लेकिन शनिवार
को अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री पर आ गया। तापमान गिरने से झुलसा देने वाली गर्मी से
राहत मिली है। जिले का न्यूनतम तापमान भी 23.2 डिग्री पर आ गया है, जो तीन दिन पहले
तक 28 डिग्री से उपर पहुंच गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर