पानीपत: पूर्व विधायक भरत सिंह छोकर का फोन हैक कर लोगों से मांगे पैसे
पानीपत, 04 जून (हि.स.)। पानीपत की विधानसभा समालखा के पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर के साथ शातिर साइबर ठगों ने पेट्रोल पंप दिलाने का झांसा देकर उनका वॉट्सएप अकाउंट हैक कर लिया। इसके बाद ठगों ने उनके अकाउंट से जुड़े करीब 26 हजार लोगों को मैसेज भेजकर पैसों की डिमांड शुरू कर दी। हालांकि, पूर्व विधायक की सूझबूझ और पानीपत साइबर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से समय रहते इस बड़े फ्रॉड को रोक दिया गया और फोन व वॉट्सएप को रिकवर कर लिया गया।
पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार सुबह उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले शख्स ने उनसे पूछा, क्या आप पेट्रोल पंप लेना चाहते हैं? जब पूर्व विधायक ने दिलचस्पी दिखाते हुए इसका पूरा प्रोसेस पूछा, तो शातिर ठग ने चालाकी दिखाई। उसने कहा कि पेट्रोल पंप अलॉट करवाना इतना आसान काम नहीं है कि फोन पर ही सारी डिटेल दे दी जाए। इसके लिए बकायदा मिलना होगा। ठग ने कहा कि पूरी जानकारी के लिए वह एक दूसरा नंबर दे रहा है, जिस पर वे तुरंत कॉल कर लें। पूर्व विधायक उसके झांसे में आ गए और उन्होंने ठग द्वारा दिए गए नंबर पर डायल कर दिया। कॉल रिसीव तो हुई, लेकिन दूसरी तरफ से कोई आवाज नहीं आई। पूर्व विधायक कुछ देर तक 'हेलो-हेलो' करते रहे और फिर आवाज न आने पर उन्होंने फोन काट दिया। कॉल कटने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक पूर्व विधायक के फोन पर न तो कोई सामान्य कॉल आई, न कोई मैसेज और न ही कोई वॉट्सएप एक्टिविटी हुई। उन्हें लगा कि नेटवर्क की कोई समस्या होगी। इसी बीच, पूर्व विधायक के ड्राइवर नरेंद्र के मोबाइल फोन पर एक परिचित की कॉल आई।
उसने नरेंद्र को बताया कि पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर के वॉट्सएप नंबर से लगातार पैसों की मांग की जा रही है और कुछ बैंक अकाउंट नंबर भेजे जा रहे हैं। यह सुनते ही ड्राइवर और पूर्व विधायक के होश उड़ गए। मामले की गंभीरता को देख पूर्व विधायक बिना एक पल गंवाए तुरंत पानीपत के साइबर क्राइम पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना पुलिस की टेक्निकल टीम तुरंत एक्शन में आई और दोपहर तक कड़ी मशक्कत व तकनीकी टूल्स की मदद से पूर्व विधायक के हैक हुए फोन को सुरक्षित रिकवर किया और उनका वॉट्सएप अकाउंट दोबारा सुचारू रूप से चालू किया।
पुलिस के अनुसार साइबर ठगों ने महज डेढ़ घंटे के भीतर पूर्व विधायक के वॉट्सएप से उनके कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप्स में शामिल करीब 26 हजार लोगों को मैसेज भेजकर बड़ी रकम ऐंठने की कोशिश की थी। थाना प्रभारी साइबर अपराध दीपक ने बताया कि पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर के मोबाइल को पूर्व स्थिति में ला दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा