जींद : बिना ओटीपी बताए व फोन हैक हुए खाते से गायब हुए रुपये
जींद, 14 अगस्त (हि.स.)। जिला में साइबर ठगों ने दो लोगों को चार लाख रुपये का चुना लगा दिया। साइबर थाना पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर किया है। शिकायतकर्ता के पास न तो किसी का फोन आया और न ही उसका फोन हैक हुआ।
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में चौपड़ा पत्ती नरवाना निवासी कुलदीप गोयत ने कहा कि उसके फोन पर गत 12 अगस्त को 98 हजार 500 रुपये बैंक खाते से कटने का मैसेज आया। वह तुरंत एसबीआई में गया और अपने बैंक खाते की स्टेटमेंट निकलवाई।
इसमें पता चला कि उसके खाते से दो बार में कुल एक लाख 83 हजार 500 रुपये गायब हो गए हैं। यह पैसे किसी और के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए हैं। कुलदीप गोयत ने कहा कि उसके पास किसी भी तरह का कोई फोन नही आया और ना ही उसने न किसी को अपना कोई ओटीपी या बैंक खाता नंबर बताया। इसके बावजूद उसके बैंक खाते से पैसे गायब हो गए। साइबर थाना प्रभारी जगदीप ने कहा कि साइबर ठगों ने किसी तरह से कुलदीप गोयत के बैंक खाते से पैसे उड़ाए हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
साइबर ठगों ने तीन बैंक खातों से उड़ाए दो लाख 50 हजार रुपये
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में कुनाल जैन ने कहा कि उसके पिता कुलदीप का बैंक खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सफीदों ब्रांच में है तथा दूसरा खाता एचडीएफसी बैंक की सफीदों ब्रांच में है। इसके अलावा उसकी दादी कलावती का खाता भी एचडीएफसी बैंक की सफीदों ब्रांच में है। तीनों ही बैंक खातों में एक ही मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है। जिसको उसके पिताजी चलाते हैं।
कुनाल जैन ने कहा कि वह 12 अगस्त को अपने पिताजी का फोन चेक कर रहा था। उसमें एक अगस्त को उसके पिताजी के बैंक खाते से 50 हजार, उसके पिताजी के दूसरे बैंक खाते से एक लाख व उसकी दादी के बैंक खाते से भी एक लाख रुपये कटने का मैसेज मिला। जब उसने बैंक में जा कर पता किया तो उसे बताया गया कि यह साइबर ठगों ने धोखाधड़ी की है। कुनाल जैन ने बताया कि उसके पिता के पास किसी भी व्यक्ति की कोई फोन कॉल नहीं आई। साइबर थाना प्रभारी जगदीप ने कहा कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा