जींद : किसान के खाते से बिना ओटीपी आए गायब हुए एक लाख 41 हजार रुपये
जींद, 15 नवंबर (हि.स.)। किसान के खाते से बिना ओटीपी आए साइबर ठगों द्वारा एक लाख 41 हजार रुपये निकालने पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। किसान का कहना है कि उसने न तो कोई लिंक पर क्लिक किया और न ही कोई ओटीपी आया। बावजूद इसके उसके बैंक खाते से राशि निकाल ली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव जाजवान निवासी संजय ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह किसान है और खेतीबाड़ी का काम करता है। उसका इंडस्लैंड बैंक में बचत खाता है। उसके खाते से उसका मोबाइल नंबर भी जुड़ा हुआ है। गत 13 अक्टूबर को उसके मोबाइल पर उसके बैंक खाते से एक बार 80 हजार रुपये व दूसरी बार 61 हजार 76 रुपये कटने के मैसेज आए। उसने तुरंत बैंक में फोन करके पता किया तो उसे बताया गया कि आपके खाते से यह पैसे किसी और खाते में ट्रांसफर किए गए हैं।
संजय ने कहा कि उसके पास न तो कोई ओटीपी आया और न ही उसने किसी लिंक को शेयर या खोल कर देखा। उसके बावजूद भी उसके खाते से पैसे निकाल लिए गए हैं। उसने रुपये किसी के खाते में शेयर नही किए हैं। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। रविवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना प्रभारी जगदीप ने बताया कि किसान द्वारा खाते से रुपये गायब होने की शिकायत दी गई थी। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा