कैथल: इंस्टाग्राम पर विदेश भेजने का झांसा देकर एक लाख से ज्यादा की ठगी , तीन गिरफ्तार

 


कैथल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। इंस्टाग्राम पर विदेश भेजने का झांसा देकर साइबर ठगी करने के मामले में थाना साइबर क्राइम पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक व्यक्ति से इंग्लैंड भेजने के नाम पर एक लाख एक हजार रुपये ठग लिए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करवाने का काम करते थे।

सीवन निवासी अश्वनी कुमार ने शिकायत में बताया कि 25 अगस्त को उसने इंस्टाग्राम पर विदेश भेजने से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में ए टू जेड सर्विस और एक मोबाइल नंबर दिया गया था। विदेश जाने की इच्छा के चलते उसने उक्त नंबर पर व्हाट्सएप कॉल की। सामने वाले व्यक्ति ने उसे इंग्लैंड भेजने के लिए 1400 पाउंड यानी करीब 1.82 लाख रुपये खर्च होने की बात कही और रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा।इसके बाद अश्वनी ने अपने बेटे का मोबाइल नंबर आरोपी को दे दिया। आरोपी ने उसके बेटे के मोबाइल पर एक स्कैनर भेजा। अश्वनी ने स्कैनर के माध्यम से अपने बैंक खाते से गूगल-पे के जरिए 71 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा उसकी पत्नी के बैंक खाते से भी इसी स्कैनर पर 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। इस तरह आरोपियों ने कुल एक लाख एक हजार रुपये की ठगी कर ली।रकम प्राप्त करने के बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और बाद में मोबाइल नंबर भी बंद मिला। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज किया गया।थाना साइबर क्राइम प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल कुमार की अगुवाई में एएसआई नरेश कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए सुमित राज, विवेक कुमार और नीरज कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि सुमित राज ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था, जबकि विवेक कुमार और नीरज कुमार कमीशन लेकर बैंक खाते उपलब्ध करवाते और उन्हें आगे साइबर ठगों तक पहुंचाते थे।पुलिस ने सुमित राज को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं विवेक कुमार और नीरज कुमार से मामले में व्यापक पूछताछ के लिए अदालत से दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे