हांसी : एलपीजी बुकिंग के नाम पर लगातार बढ़ रहा साइबर ठगी का जाल, सतर्क रहें नागरिक : अमित यशवर्धन
हांसी, 19 मार्च (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक अमित
यशवर्धन ने एलपीजी गैस बुकिंग के नाम पर बढ़ रहे साइबर ठगी के मामलों को लेकर आमजन
को सचेत किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके
अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं और विशेष रूप से एलपीजी बुकिंग को माध्यम
बनाकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने गुरुवार को बताया
कि ठग आमतौर पर फास्ट एलपीजी बुकिंग, तुरंत सिलेंडर डिलीवरी या विशेष छूट जैसे आकर्षक
ऑफर का लालच देकर लोगों को एसएमएस, व्हाट्सएप या सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी लिंक
भेज रहे हैं। ये लिंक देखने में बिल्कुल असली गैस एजेंसी या कंपनी की वेबसाइट जैसे
प्रतीत होते हैं, जिससे आम नागरिक आसानी से भ्रमित हो जाते हैं। जैसे ही व्यक्ति इन
लिंक पर क्लिक करता है, उसे एक नकली वेबसाइट पर ले जाया जाता है, जहां उससे एडवांस
पेमेंट, यूपीआई के माध्यम से भुगतान या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी मांगी जाती है।
कई मामलों में ठग ओटीपी, यूपीआई पिन या अन्य संवेदनशील जानकारी प्राप्त कर लेते हैं
और उसके बाद संबंधित व्यक्ति के खाते से रुपए निकाल लेते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कई बार साइबर अपराधी
फोन कॉल या सोशल मीडिया के माध्यम से स्वयं को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर लोगों
से संपर्क करते हैं और जल्दी सेवा देने या समस्या का समाधान करने के नाम पर भुगतान
की मांग करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकृत गैस एजेंसियां इस प्रकार से अनजान
लिंक भेजकर या व्यक्तिगत रूप से कॉल कर तत्काल भुगतान की मांग नहीं करती हैं, इसलिए
इस प्रकार के किसी भी संदेश या कॉल पर भरोसा करना जोखिम भरा हो सकता है।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा
कि एलपीजी बुकिंग या किसी भी प्रकार की ऑनलाइन सेवा का उपयोग करते समय केवल आधिकारिक
ऐप या वेबसाइट का ही सहारा लें और किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश से दूर रहें। किसी
भी स्थिति में ओटीपी, युपीआई पिन, सीवीवी या बैंक से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के
साथ साझा न करें। साथ ही यदि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी परिचित के नाम से पैसे
की मांग की जाती है तो पहले संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर पुष्टि अवश्य करें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर