हिसार में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
हिसार, 25 अप्रैल
(हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों से लाखों की
ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह
के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को गहन पूछताछ के लिए अदालत में
पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच
में खुलासा हुआ है कि आरोपी सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को शेयर
मार्केट में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। ठगी की गई रकम को
हर महीने करीब 40 से 50 लाख रुपये तक दुबई में बैठे अपने आकाओं के पास भेज दिया जाता
था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 22 एटीएम कार्ड और
21 अलग-अलग बैंकों की पासबुक बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लेन-देन में किया
जाता था।
एएसपी मयंक मुदगिल
ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि गिरोह का मुख्य मैनेजर और हैंडलर अभी फरार
है, जिसकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे
नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा और फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार
किए गए सभी आरोपी 10वीं से 12वीं पास है और पिछले तीन-चार सालों से इस काम में लगे
हुए थे। आरोपी इतने शातिर है कि ठगी किए पैसों को मिनटों में कई लेयर में ट्रांसफर
कर देते थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर