कैथल: क्रेडिट कार्ड से 96 हजार की ठगी का आरोपी गिरफ्तार

 


कैथल, 17 सितंबर (हि.स.)। क्रेडिट कार्ड की इंश्योरेंस पॉलिसी बंद कराने के नाम पर एक व्यक्ति से करीब 96 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फतेहाबाद जिले के गांव मनवाली निवासी विकास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ठगी की रकम को निकालकर कमीशन के बदले साइबर ठगी करने वाले अन्य आरोपियों तक पहुंचाता था। मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

थाना साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसका दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर हुआ। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से ठगी की रकम के लेन-देन और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। सीवन निवासी विक्रम ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी थी कि उसके पास आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड है, जिसमें उसका मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है। शिकायत के अनुसार 5 नवंबर 2022 को उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को बैंक का क्रेडिट कार्ड अधिकारी बताते हुए कहा कि उसके कार्ड पर इंश्योरेंस पॉलिसी लगी हुई है और इसके लिए हर साल 4500 रुपये शुल्क कटेगा।

विक्रम ने जब पॉलिसी बंद करवाने की बात कही तो आरोपी ने उससे क्रेडिट कार्ड के अंतिम आठ अंक पूछ लिए। इसके बाद मोबाइल पर आया ओटीपी भी हासिल कर लिया। ओटीपी मिलते ही उसके क्रेडिट कार्ड खाते से करीब 96 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर कर दी गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस को विकास की भूमिका सामने आई।

जांच में पता चला कि वह साइबर ठगी से हासिल रकम को निकालने का काम करता था और इसके बदले कमीशन लेता था। इसके बाद रकम साइबर ठगी में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा देता था। थाना साइबर क्राइम प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल कुमार की अगुवाई में एसआई सुरेंद्र सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए विकास को गिरफ्तार किया। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से ठगी के नेटवर्क और रकम के लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे