हिसार: सांस्कृतिक विविधता भारत की महान धरोहर : अनुपमा कुमारी
गुजविप्रौवि के महिला छात्रावास में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत में अभिनंदन
कार्यक्रम
वल्लभी बनी मिस फ्रेशर्स, किया गया सम्मानित
हिसार, 30 सितंबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
के महिला छात्रावास परिसर में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत के लिए भव्य अभिनंदन कार्यक्रम
का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्यातिथि विश्वविद्यालय की प्रथम महिला श्रीमती
अनुपमा कुमारी रहीं, जबकि श्रीमती रजनी शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार की माता श्रीमती कृष्णा देवी भी कार्यक्रम
में उपस्थित रहीं। मुख्य वार्डन प्रो. सुजाता सांघी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
अनुपमा कुमारी ने बुधवार काे छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रावास विद्यार्थियों
के लिए एक बड़े परिवार जैसा परिसर होता है। यहां विद्यार्थी शैक्षणिक ज्ञान प्राप्त
करने के साथ-साथ एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं से भी परिचित होते हैं। उन्होंने
कहा कि सांस्कृतिक विविधता भारत की महान धरोहर है। उन्होंने नवप्रवेशित छात्राओं को
उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। रजनी शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं में सकारात्मक ऊर्जा
और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। यह गुजविप्रौवि के महिला छात्रावास की शानदार परंपरा
है। प्रो. सुजाता सांघी ने स्वागत संबोधन में छात्रावास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां
दीं और छात्राओं को हॉस्टल जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। छात्रावास-दो की समन्वयक डॉ.
संतोष भुक्कल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नवप्रवेशित छात्राओं के लिए आयोजित मिस फ्रेशर्स
प्रतियोगिता रही। छात्राओं ने आत्मविश्वास, प्रतिभा और व्यक्तित्व का शानदार प्रदर्शन
किया। एमएससी फिजिक्स प्रथम वर्ष की छात्रा वल्लभी को मिस फ्रेशर्स के खिताब से नवाजा
गया। छात्राओं ने हरियाणवी, डोगरी, कश्मीरी, ओड़िया, बिहारी और पंजाबी प्रस्तुतियों
के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विविधता की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। इसके अलावा शानदार
बॉलीवुड प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में गर्ल्स हॉस्टल
की उप मुख्य वार्डन, विभिन्न छात्रावासों की समन्वयक, वार्डन, हॉस्टल स्टाफ सहित अनेक
गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर