हिसार : उद्यान मेला एवं हॉर्टी एक्सपो में लुवास स्टॉल पर उमड़ी किसानों की भीड़

 


1000 से अधिक किसानों ने लिया वैज्ञानिक पशुपालन का मार्गदर्शन

लगभग तीन क्विंटल खनिज मिश्रण की बिक्री

हिसार, 20 सितंबर (हि.स.)। करनाल में महाराणा प्रताप उद्यानिकी विश्वविद्यालय

की ओर से आयोजित उद्यान मेला एवं हॉर्टी एक्सपो में लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं

पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार के स्टॉल पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ी।

दो दिवसीय इस एक्सपो में 1000 से अधिक किसानों ने स्टॉल का भ्रमण कर पशुपालन, पशु स्वास्थ्य

और वैज्ञानिक पशुपालन से जुड़ी जानकारी हासिल की। इस दौरान करीब तीन क्विंटल खनिज मिश्रण

की बिक्री भी हुई।

लुवास के कुलपति प्रो. डॉ. विनोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में लगाए गए स्टॉल

पर किसानों को पशुओं में रोगों की रोकथाम, स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित पशु आहार, खनिज

पोषण और वैज्ञानिक पशुपालन की जानकारी दी गई। डॉ. बिस्व रंजन महाराणा, डॉ. स्वाति रूहिल

और डॉ. सुजय खन्ना ने किसानों की समस्याएं सुनीं और उनकी जरूरत के अनुसार पशु चिकित्सा

संबंधी सुझाव दिए। सहभागिता का समन्वय डॉ. सुजय खन्ना ने किया।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और नीलोखेड़ी विधायक भगवान दास कबीरपंथी ने भी

लुवास स्टॉल का दौरा किया। उन्होंने किसानों तक वैज्ञानिक पशुपालन और पशु स्वास्थ्य

संबंधी जानकारी पहुंचाने के विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की।

स्टॉल पर विश्वविद्यालय की नवीनतम तकनीकों, विस्तार गतिविधियों और किसानों

के लिए उपयोगी वैज्ञानिक साहित्य एवं प्रदर्शनों के माध्यम से पशु स्वास्थ्य, रोग नियंत्रण,

संतुलित आहार और बेहतर पशु प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है। किसानों ने खनिज पोषण

में विशेष रुचि दिखाई। विशेषज्ञों ने बताया कि संतुलित खनिज पोषण पशुओं के स्वास्थ्य,

उत्पादन और प्रजनन क्षमता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर