यमुनानगर : रामकिशन गुर्जर का हमला, क्रॉस वोटिंग आरोपों पर कांग्रेस को घेरा
यमुनानगर, 18 मार्च (हि.स.)। हरियाणा राज्यसभा चुनाव में कथित क्रॉस वोटिंग को लेकर सियासी माहौल गरमाया हुआ है। इस बीच नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी के पति और हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रहे रामकिशन गुर्जर ने पार्टी से इस्तीफा देकर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।
यमुनानगर में बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने अपने फैसले के पीछे पार्टी की आंतरिक कलह को मुख्य कारण बताया है। रामकिशन गुर्जर ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ा रहा है और हमेशा पार्टी के प्रति निष्ठा बनाए रखी। इसके बावजूद हाल के समय में संगठन के भीतर बढ़ती खींचतान और आपसी मतभेदों ने कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से शैली चौधरी को विवादों में घसीट रहे हैं। क्रॉस वोटिंग के आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना ठोस प्रमाण किसी पर उंगली उठाना अनुचित है। उन्होंने चुनौती दी कि यदि किसी के पास सबूत हैं तो सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान शैली चौधरी के मतदान को लेकर आपत्ति जताई गई थी, लेकिन प्रक्रिया पूरी तरह नियमानुसार हुई और जांच के बाद ही मतदान की अनुमति दी गई।
गुर्जर ने कांग्रेस नेत्री गीता भुक्कल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोप आधारहीन हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना आधिकारिक भूमिका के किसी विधायक पर आरोप लगाना किस हद तक उचित है। नारायणगढ़ क्षेत्र के विकास का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर उनकी बात को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया, जिससे क्षेत्रीय विकास प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि सम्मान और संवाद के अभाव में पार्टी में बने रहना संभव नहीं था। उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में वे अपने समर्थकों से विचार-विमर्श कर आगे की राजनीतिक दिशा तय करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस समय आंतरिक संघर्ष से जूझ रही है और यही स्थिति पार्टी के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार