पानीपत: जमीन के फर्जी कागजात बनाकर करोड़ों हड़पे, मामला दर्ज
पानीपत, 20 मार्च (हि.स.)। पानीपत में एक व्यक्ति को जमीन दिलाने के नाम पर करीब एक करोड़ 37 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई। आरोपियों ने जमीन का फुल पेमेंट एग्रीमेंट फर्जी तरीके से करके पीड़ित से एक करोड़ 37 लाख रुपए हड़प लिए जिसकी रिपोर्ट पीड़ित व्यक्ति द्वारा थाने में दर्ज कराई गई है।
अंसल सुशांत सिटी निवासी शिकायतकर्ता सोमनाथ, ने शुक्रवार को एसपी को दी शिकायत में बताया कि उनकी जान पहचान उग्राखेड़ निवासी राजेश मलिक व सतिंदर तथा शामली निवासी रियासत व कुराड निवासी कप्तान के साथ हुई। इन चारों ने मिलकर उसे सेक्टर-24 में एक प्लॉट दिखाने के बहाने 25 लाख रुपए ऐंठ लिए और एग्रीमेंट करवा लिया। जब सोमनाथ ने रजिस्ट्री का दबाव बनाया, तो आरोपी मुकर गए और पैसे वापस करने के बजाय उसे गांव कुराड़ में रियासत की एक एकड़ जमीन दिलाने का लालच दिया। आरोपियों ने गांव कुराड़ की जमीन का सौदा एक करोड़ रुपए में तय किया और सोमनाथ से पूरी रकम ले ली। इतना ही नहीं, रजिस्ट्री के नाम पर आरोपियों ने सोमनाथ से 12 लाख रुपए के स्टाम्प पेपर के पैसे भी अलग से ले लिए। इस प्रकार कुल धोखाधड़ी की राशि एक करोड़ 37 लाख रुपए तक जा पहुंची। एसपी द्वारा जांच थाना सिटी को सौंपी। कराई गई जांच के दौरान जब गांव कुराड़ की वर्ष 2020-2021 की जमाबंदी चेक की गई, तो पता चला कि जिस खेवट नंबर (449/1) का सौदा किया गया था, उसमें आरोपी रियासत के नाम पर एक इंच भी जमीन नहीं थी।
आरोपी सतिंदर और राजेश मलिक ने इस फर्जी एग्रीमेंट पर बतौर गवाह हस्ताक्षर किए थे, जिससे साबित होता है कि यह पूरी साजिश मिलीभगत से रची गई थी। जांच अधिकारी ने बताया कि चारों आरोपियों को कई बार नोटिस देकर बुलाया गया, लेकिन वे न तो पेश हुए और न ही कोई रिकॉर्ड प्रस्तुत किया। पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची की चारों आरोपियों ने सोमनाथ के साथ धोखाधडी करते हुए फर्जी शपथ पत्र और इकरारनामा तैयार कर एक करोड़ रुपए से अधिक की राशि हड़प ली है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा