कैथल: पुलिस को देख भागा चोरी का आरोपी, बाइक फिसलने से टूटा पैर

 


कैथल, 04 सितंबर (हि.स.)। पूंडरी व बाता क्षेत्र की दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के मामले में वांछित एक आरोपी को सीआईए कलायत की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए आरोपी बाइक से तेज रफ्तार में भागने लगा, लेकिन सड़क पर बने गड्ढे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसका बायां पैर टूट गया। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया।

आरोपी की पहचान टोहाना निवासी रवि के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रवि 28 जुलाई की रात पुंडरी में नौ दुकानों तथा दो अगस्त की रात बाता बस अड्डे के पास पांच दुकानों में हुई चोरी की वारदातों में वांछित था। इन घटनाओं में आरोपी ने अपने साथियों के साथ दुकानों को निशाना बनाया था। सीआईए कलायत की टीम रात के समय क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की वारदातों में शामिल एक संदिग्ध युवक तितरम क्षेत्र में बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर घूम रहा है। पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की और कुछ समय बाद उसे बाइक सहित देख लिया।पुलिस को देखते ही रवि ने बाइक तेज गति से दौड़ा दी। पीछा करने के दौरान सड़क पर बने गड्ढे में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गया। पुलिस ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया। जांच में उसके पैर में चोट लगी होने के साथ बायां पैर टूट गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ चोरी के करीब 11 मामले पहले से दर्ज हैं। वह चोरी करने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। गिरोह के दो अन्य सदस्यों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे