कैथल: मारपीट का मामला हत्या बदला, साधु की पीजीआई में मौत, आरोपी नामजद

 

कैथल, 26 मई (हि.स.)। जिले के गांव धनौरी में मारपीट का एक मामला अब हत्या में बदल गया है। सिर पर गंभीर चोट लगने से घायल हुए एक साधु की रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही एक युवक के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान धनौरी निवासी 49 वर्षीय शमशेर के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से साधु के रूप में गांव में रह रहा था। मामले की शिकायत उसके भांजे सोनू ने दर्ज करवाई है।

शिकायत के अनुसार 23 मई की रात शमशेर का गांव के ही जगन्नाथ के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि कहासुनी के दौरान जगन्नाथ ने शमशेर के सिर पर गंभीर चोटें मार दीं। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके की ओर बढ़े तो आरोपी वहां से फरार हो गया।

परिजन घायल शमशेर को तुरंत नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान 25 मई को उसकी मौत हो गई। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय दोनों के बीच शराब के नशे में विवाद हुआ था, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया। संगतपुरा चौकी इंचार्ज मन्नू कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे