कैथल: जमीन बेचने के नाम पर 80 लाख की ठगी, गिरफ्तार आराेपी तीन दिन के रिमांड पर
कैथल, 12 मई (हि.स.)।
जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस के इकनॉमिक सैल ने मामले में पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार काे आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव डयोढखेड़ी निवासी शीशपाल और जोगिंद्र ने शिकायत दी थी कि वे जमीन खरीदना चाहते थे। इस दौरान खेड़ी निगरा (पटियाला, पंजाब) निवासी कर्मजीत, समाना (पंजाब) निवासी जोगिंद्र सिंह और अंग्रेज सिंह, जो डीलर का काम करते थे, उनसे मिले और उन्हें विभिन्न गांवों में जमीन दिखाई।
आरोपियों ने उन्हें गांव शादीपुर, तहसील गुहला में 50 कनाल 15 मरले जमीन दिखाई, जो उन्हें पसंद आ गई। इसके बाद आरोपियों ने गांव पलौंदिया (पटियाला) निवासी बताए गए अमरजीत सिंह और कमलजीत सिंह से उनकी मुलाकात करवाई और उन्हें जमीन का मालिक बताया।
37 लाख 75 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से सौदा तय हुआ। 12 मार्च को पीड़ितों ने 60 लाख रुपये बतौर बयाना देकर इकरारनामा करवा लिया। इसके बाद 21 अप्रैल को 20 लाख रुपये और दे दिए गए तथा रजिस्ट्री की तारीख 22 मई तय की गई।
निर्धारित तिथि पर जब पीड़ित रजिस्ट्री के लिए तहसील गुहला पहुंचे तो आरोपी वहां नहीं आए। बाद में जांच करने पर पता चला कि आरोपियों ने फर्जी पहचान बनाकर षड्यंत्र के तहत ठगी की है और जिन लोगों को जमीन का मालिक बताया गया था, वे असली व्यक्ति नहीं थे।
इस संबंध में थाना गुहला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इकनॉमिक सैल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के नेतृत्व में एसआई कुलबीर सिंह, पीएसआई अमन और एएसआई रामपाल सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए समाना (पंजाब) निवासी जोगिंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पूछताछ में सामने आया है कि जोगिंद्र सिंह ने डीलर कर्मजीत, सिमरनजीत और अन्य साथियों के साथ मिलकर यह साजिश रची थी।
आरोपी से गहन पूछताछ के लिए अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे