कैथल: साइबर ठगी, फेसबुक विज्ञापन से एप तक पहुंच लाखों गंवाए
कैथल, 14 अगस्त (हि.स.)। फेसबुक पर निवेश के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का विज्ञापन देखकर एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने उसे वाट्सएप ग्रुप में जोड़कर एक एप के जरिए निवेश करने के लिए तैयार किया और अलग-अलग शेयरों के नाम पर करीब छह लाख रुपये लगवा लिए। रकम वापस निकालने का प्रयास किया तो पैसे नहीं निकले। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का पता चला।
डेरा कल्लर माजरा निवासी ह्रदयपाल सिंह ने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दी है।
शिकायत के अनुसार वह नोएडा स्थित एक कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर है। 24 जुलाई को फेसबुक चलाते समय उसकी नजर एक ऐसे विज्ञापन पर पड़ी, जिसमें एप के माध्यम से पैसा लगाकर अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसे एक वाट्सऐप ग्रुप में जोड़ दिया गया।
ग्रुप में कई सदस्य थे और उनके द्वारा बड़ी रकम निवेश कर मुनाफा कमाने का दिखावा किया जा रहा था। इसी दौरान ह्रदयपाल को एक एप के बारे में बताया गया और लिंक भेजकर उसे एप डाउनलोड करने के लिए कहा गया। एप में आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक खाते समेत अन्य जानकारी दर्ज कराई गई।
शिकायत के अनुसार उसने पांच अगस्त को पहली बार 10 हजार रुपये लगाए। अगले दिन 92 हजार रुपये और इसके बाद एक लाख रुपये निवेश किए गए। उसे अलग-अलग तीन शेयरों में निवेश करने की जानकारी दी गई और उसने एप के माध्यम से तीनों में एक-एक लाख रुपये लगा दिए। इस तरह अलग-अलग शेयरों के नाम पर उससे करीब छह लाख रुपये निवेश करवा लिए गए। 11 अगस्त को जब उसने अपनी रकम वापस निकालने की कोशिश की तो पैसे नहीं निकले। इसके बाद उसे समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच एएसआई अमृतपाल को सौंप दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे