कैथल: बंधक बनाकर अमेरिका भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, फरार आरोपी नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार

 


कैथल, 24 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका भेजने के नाम पर युवकों को बंधक बनाकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में शुक्रवार काे कैथल पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को नेपाल सीमा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जींद जिले के गांव थुआ निवासी रमेश के रूप में हुई है। मामले में इससे पहले चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मामले की जांच एसडीयू प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई शमशेर सिंह की टीम कर रही थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी रमेश विदेश में छिपा हुआ था। बीमार होने के कारण वह नेपाल के रास्ते भारत लौट रहा था। उसके खिलाफ कैथल पुलिस द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। भारतीय दूतावास और सुरक्षा एजेंसियों की सूचना के बाद उसे नेपाल के सोनौली बॉर्डर पर रोका गया, जहां से कैथल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अदालत से आरोपी का चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पूंडरी थाना क्षेत्र के गांव करोड़ा निवासी वेदपाल ने शिकायत दी थी कि वर्ष 2021 में आरोपी रमेश ने उसके बेटे भूपेंद्र और पड़ोसी राजेश को अमेरिका भेजने का झांसा देकर 80 लाख रुपये में सौदा तय किया था। शुरुआत में आरोपियों ने कई किस्तों में लाखों रुपये लिए और दावा किया कि दोनों युवकों का वीजा लग चुका है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने दोनों युवकों को दिल्ली से कोलकाता ले जाकर कुछ दिन होटल में ठहराया। इसके बाद फर्जी हवाई टिकट दिखाकर उन्हें कथित रूप से बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि युवकों की कनपटी पर पिस्तौल रखकर उनके परिजनों को फोन करवाया गया और कहा गया कि वे अमेरिका पहुंच चुके हैं, इसलिए बाकी रकम भी भेज दी जाए। इसके बाद आरोपी पीड़ित परिवार से 13 लाख रुपये और ले गए।

68.74 लाख रुपये ऐंठने का आरोप

आरोपियों ने अलग-अलग समय पर पीड़ित परिवार से कुल 68 लाख 74 हजार रुपये वसूल लिए। बाद में युवकों ने मौका पाकर खुद को छुड़ाया और परिवार को बताया कि उन्हें बंधक बनाकर रखा गया था तथा उनके पासपोर्ट भी आरोपियों ने अपने कब्जे में ले लिए थे। शिकायत में यह भी आरोप है कि समझौते का भरोसा देकर सितंबर 2022 में भूपेंद्र को दोबारा इंडोनेशिया के जकार्ता भेजा गया, जहां भी उसे कथित रूप से प्रताड़ित किया गया। जब पीड़ित परिवार ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पूंडरी थाना में मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, ठगी की रकम और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे