कैथल: पीएम किसान सम्मान योजना के नाम पर किसान को ठगने वाला पंजाब से काबू

 


कैथल, 21 जुलाई (हि.स.)। पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर एक किसान के मोबाइल पर फर्जी एपीके लिंक भेजकर चार लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को कैथल साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने साइबर ठगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी।

पुलिस के अनुसार गांव बंदराणा निवासी जितेन कुमार के व्हाट्सएप पर पीएम किसान योजना एपीके के नाम से एक लिंक भेजा गया। सरकारी योजना से जुड़ा संदेश समझकर जैसे ही उसने लिंक पर क्लिक किया, साइबर ठगों ने उसके मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद उसके एचडीएफसी बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शनों के माध्यम से करीब चार लाख रुपये निकाल लिए गए।

घटना का पता चलते ही पीड़ित ने तत्काल बैंक पहुंचकर अपना खाता ब्लॉक करवाया और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना कैथल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी पीएसआई रवि के नेतृत्व में एसआई रविंद्र कुमार की टीम ने तकनीकी जांच और बैंक खातों की पड़ताल के बाद पंजाब के गोबिंदगढ़ (लुधियाना) निवासी रामू साहनी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने साइबर अपराधियों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था, जिसके जरिए ठगी की राशि का लेन-देन किया गया। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे