कैथल: अस्पताल में दो युवकों पर चाकुओं से हमला
कैथल, 17 अगस्त (हि.स.)। कैथल के गांव क्योड़क में हुए आपसी विवाद के बाद कैथल के नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाने पहुंचे दो युवकों पर चार युवकों ने चाकुओं से हमला कर दिया। वारदात इमरजेंसी वार्ड के सामने हुई। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल के कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी वहां से फरार हो गए।
घायलों की पहचान गांव क्योड़क निवासी 24 वर्षीय अभिषेक और 27 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। चोटें अधिक होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन परिजन उन्हें शहर के ही एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उइलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, अभिषेक और कुलदीप का गांव में कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था। सोमवार सुबह दोनों खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान एक कार में सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार और मेडिकल करवाने के लिए कैथल नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने के कुछ समय बाद आरोपी भी वहां आ गए। इमरजेंसी वार्ड के सामने उन्होंने दोनों युवकों पर चाकुओं से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने दोनों पर कई वार किए, जिससे वे खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गए। अस्पताल के कर्मचारियों के उनकी ओर दौड़ने पर आरोपी मौके से भाग निकले। घायल युवकों के भतीजे रजत ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद आरोपी लगातार उनके पीछे लगे हुए थे। पहले गांव में कार से टक्कर मारी और बाद में अस्पताल में पहुंचकर चाकुओं से हमला कर दिया। रजत के मुताबिक दोनों युवकों पर दो से तीन वार किए गए हैं।
नागरिक अस्पताल के प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर डॉ. दिनेश कंसल ने बताया कि क्योड़क के दो युवकों पर हमला किया गया है। गंभीर चोटों के चलते दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वारदात के पीछे आपसी रंजिश को मुख्य वजह बताया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे